अमेरिका में बेकाबू हुआ संक्रमण, फ्रांस में भी तेजी, ईरान में नए प्रतिबंधों का एलान, पोलैंड में 349 की मौत
अमेरिका में एक दिन में रिकॉर्ड 129606 नए मरीजों का पता चला है। फ्रांस में भी कोरोना के रिकॉर्ड (60486) मरीज मिले हैं। यही नहीं संक्रमण की तेज रफ्तार को देखते हुए शनिवार को ईरान में नए प्रतिबंधों का एलान किया गया है।
वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका में एक बार फिर संक्रमण बेकाबू होता दिख रहा है। शुक्रवार को यहां 1,29,606 नए मरीजों का पता चला। लगातार तीसरे दिन एक लाख से अधिक मरीज सामने आए हैं। फ्रांस में भी शुक्रवार को रिकॉर्ड संख्या (60,486) में मरीजों का पता चला। एक दिन पहले 58,046 नए मामले सामने आए थे। यही नहीं संक्रमण की तेज रफ्तार को देखते हुए शनिवार को ईरान में नए प्रतिबंधों का एलान किया गया है।
अमेरिका के इन राज्यों में बढ़ा संक्रमण
अमेरिका के जिन प्रांतों में रिकॉर्ड संख्या में मरीज सामने आए हैं, उनमें इलिनोइस में पहली बार एक दिन में दस हजार से अधिक संक्रमित व्यक्तियों का पता चला है। इंडियाना, कंसास, मिनिसोटा, मिसौरी, नेब्रास्का, नार्थ डकोटा, ओहियो और विस्कॉन्सिन में भी मरीज बढ़े हैं। अरकंसास, कोलोराडो, इधाओ, मेन, नेवादा, न्यू मैक्सिको, नार्थ कैरोलिना, रोड आइलैंड, उटा, वाशिंगटन औ व्योमिंग में भी मरीज बढ़े हैं।
कुछ शहरों और प्रांतों में कर्फ्यू
संक्रमण को रोकने के लिए कुछ शहरों और प्रांतों ने कर्फ्यू लगा दिया है। हालांकि संघीय स्तर पर संक्रमण को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। 17 ऐसे प्रांत हैं, जहां पर सार्वजनिक जगह पर मास्क पहनना अनिवार्य नहीं है। अमेरिका में लगातार 12वें दिन अस्पताल में भर्ती होने वालों मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
ईरान में नए प्रतिबंधों का एलान
संक्रमण की बढ़ती दर को देखते हुए शनिवार को ईरान में नए प्रतिबंधों का एलान किया गया है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान यहां 9,450 नए मरीजों का पता चला है। 423 लोगों की मौत के साथ ही देश में महामारी से मरने वालों की संख्या 37,832 हो गई है। मलेशिया में आंशिक लॉकडाउन को एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया है।
पोलैंड में 349 लोगों की मौत
शनिवार को पोलैंड में भी रिकॉर्ड संख्या (27,875) में नए संक्रमित मरीजों का पता चला। 349 लोगों की मौत भी हुई है। एक दिन पहले कोरोना से मरने वालों की तादाद 445 थी।