Coronavirus World Update : एशिया में संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ के पार, यूरोप में भी तेजी से बढ़ रहे केस
एशिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ के पार पहुंच गया है। दूसरे दौर की कोरोना महामारी की चपेट में आए इटली में तेज गति से संक्रमण बढ़ रहा है। अमेरिका में भी यह महामारी फिर तेज गति से बढ़ने लगी है। जानें बाकी मुल्कों का हाल...
वाशिंगटन, एजेंसियां। दुनिया में कोरोना वायरस के कहर से सबसे ज्यादा जूझने वाले अमेरिका में यह महामारी फिर तेज गति से बढ़ने लगी है। वहीं दूसरे दौर की कोरोना महामारी की चपेट में आए इटली में तेज गति से संक्रमण बढ़ रहा है। यही नहीं एशिया में भी कोरोना संक्रमित लोगों का आंकड़ा एक करोड़ के पार पहुंच गया है। समाचार एजेंसी रॉयटर की रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना पीड़ितों के मामले में एशिया सिर्फ लैटिन अमेरिका से पीछे है।
यूरोप में तेजी से फैल रहा संक्रमण
यूरोप में भी तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। यह क्षेत्र दूसरे दौर की कोरोना महामारी की चपेट में है। यूरोप में कोरोना से मरने वालों की संख्या ढाई लाख के पार पहुंच गई है जबकि दुनिया भर में अब तक चार करोड़ 20 लाख से ज्यादा संक्रमित मिले हैं और 11 लाख से अधिक की मौत हुई है। यूरोपीय देश इटली में शुक्रवार को 19 हजार 143 नए केस पाए गए। इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित मिलने से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि देश में महामारी बेकाबू हो सकती है।
अमेरिका में मरीजों का आंकड़ा 87 लाख के पार
अमेरिका में बीते 24 घंटे के दौरान रिकॉर्ड 84 हजार से ज्यादा नए संक्रमित पाए गए। इससे कोरोना रोगियों की कुल संख्या 87 लाख के पार पहुंच गई है। यहां अब तक कुल करीब दो लाख 29 हजार पीडि़तों की जान गई है। इधर, वाशिंगटन यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं का अनुमान है कि अमेरिका में फरवरी तक कोरोना से मरने वालों की संख्या पांच लाख हो सकती है। रायटर के अनुसार, अमेरिका में शुक्रवार को 84 हजार 218 नए पॉजिटिव केस पाए गए।
अमेरिका में हालात बिगड़ने की आशंका
एक दिन पहले अमेरिका में 76 हजार से ज्यादा मामले मिले थे। अमेरिका में तीन नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले नए मामलों में उछाल से चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने तापमान में गिरावट और स्कूलों के खुलने के चलते संक्रमण बढ़ने का अंदेशा जताया है। अमेरिका में मध्य सितंबर तक नए मामलों की संख्या कम होकर 35 हजार हो गई थी। अक्टूबर से नए मामलों में फिर तेज बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
एक नजर इन देशों पर
फ्रांस : राष्ट्रपति मैक्रों इमैनुएल ने कहा कि कोरोना की रोकथाम के लिए लगाई गई पाबंदियां दिसंबर तक प्रभावी रहेंगी। तेज गति से प्रकोप बढ़ रहा है।
पोलैंड : इस देश के राष्ट्रपति एंड्रेज डूडा का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। इस बीच देशभर में 13 हजार 600 नए कोरोना पीडि़त पाए गए हैं।
रूस : 16 हजार 521 नए मामले मिलने से कोरोना मरीजों की संख्या करीब 15 लाख हो गई है। अब तक कुल 25 हजार 821 मौत हुई है।