अमेरिका में कोरोना वायरस से हाहाकार, लगातार 26वें दिन 24 घंटों में एक लाख नए मामले
विश्व के 21 फीसद मामले अमेरिका में। महामारी से प्रभावित देशों में साढ़े चौदह लाख से ज्यादा लोग मरे। कोरोना से अभी किसी भी तरह की राहत मिलती नहीं दिख रही। महामारी ने अब तक साढ़े चौदह लाख से ज्यादा लोगों की जिंदगी समाप्त कर दी।
वाशिंगटन, एएनआइ। अमेरिका में कोरोना वायरस महामारी से हाहाकार मच गया है। अमेरिका में लगातार 26वें दिन कोरोना के एक लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। सीएनएन ने जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि अमेरिका में कोरोनोवायरस के मामलों की संख्या में कम से कम 100,000 नए मामले जोड़े गए हैं। यह लगातार 26वां दिन है जब एक दिन के अंदर एक लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। सीएनएन ने आगे बताया कि अमेरिका में एक दिन में अब तक 1 लाख 14 हजार 397 नए मामले और 862 लोगों की मौत हुई है।
स्पुतनिक ने बताया कि अमेरिका में COVID-19 से अब तक संक्रमित हो चुके मरीजों की संख्या 1 करोड़ 30 लाख 47 हजार 202 हो चुकी है। इसके अलावा अमेरिका में कोरोना से मौत का आंकड़ा 2 लाख 64 हजार से अधिक हो चुका है। कोरोना से अभी किसी भी तरह की राहत मिलती नहीं दिख रही। महामारी ने अब तक साढ़े चौदह लाख से ज्यादा लोगों की जिंदगी समाप्त कर दी। सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है।
सिर्फ वैक्सीन का इंतजार
विश्व के प्रभावित 210 देशों को सिर्फ वैक्सीन का इंतजार है। अमेरिका में कुल मामले ही नहीं मरने वालों के आंकड़े भी डराने वाले हैं। टेक्सास राज्य में सबसे ज्यादा 12 लाख से ज्यादा मामले हैं। उसके बाद कैलिफोर्निया है, जहां पर 11 लाख 80 हजार मामले हो गए हैं। फ्लोरिडा दस लाख के आंकड़े पर पहुंच रहा है। न्यूयॉर्क में छह लाख 28 हजार से ज्यादा कुल मामले हो गए हैं। फ्लोरिडा के हाल ही में चुने गए सांसद कार्लोस गिमेनेज और उनकी पत्नी संक्रमित हो गए हैं। कार्लोस 2011 से मियामी के मेयर थे अब सांसद हो गए हैं।
ब्राजील में शुक्रवार को एक ही दिन में पांच सौ से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। अब तक एक लाख 71 हजार से ज्यादा लोग मारे गए हैं। यहां मरीज तेजी से बढ़ने के कारण स्थानीय प्रशासन फिर से मैदानों में बने अस्पतालों को खोलने पर विचार कर रहा है। रूस की राजधानी मास्को में मरने वालों का आंकड़ा नौ हजार के करीब आ गया है।