Move to Jagran APP

फ्लोरिडा और कैलिफोर्निया में बढ़ती जा रही कोरोना की मार, अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 40 लाख के करीब

Coronavirus World Updates अमेरिका में अब तक सबसे ज्यादा संक्रमित न्यूयॉर्क प्रांत में पाए गए हैं। इस प्रांत में चार लाख 34 हजार मरीज पाए जा चुके हैं।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Tue, 21 Jul 2020 09:56 PM (IST)Updated: Tue, 21 Jul 2020 09:57 PM (IST)
फ्लोरिडा और कैलिफोर्निया में बढ़ती जा रही कोरोना की मार, अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 40 लाख के करीब
फ्लोरिडा और कैलिफोर्निया में बढ़ती जा रही कोरोना की मार, अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 40 लाख के करीब

वाशिंगटन, एजेंसियां। दुनिया में कोरोना वायरस के कहर से सबसे ज्यादा जूझ रहे अमेरिका के फ्लोरिडा और कैलिफोर्निया प्रांतों में महामारी की मार बढ़ती ही जा रही है। फ्लोरिडा में लगातार छठे दिन दस हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए। कैलिफोर्निया में भी इसी तरह की स्थिति है। हालांकि इस प्रांत में नए मामलों में अब कुछ स्थिरता भी देखी जा रही है। टेक्सास में भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। ये तीनों प्रांत अमेरिका में न्यूयॉर्क राज्य के बाद महामारी के नए केंद्र बन गए हैं। इन प्रांतों में तीन-तीन लाख से अधिक संक्रमित हो गए हैं। जबकि न्यूयॉर्क में महामारी की रफ्तार धीमी पड़ने पर और कारोबारों को बहाल करने की इजाजत दी गई है।

loksabha election banner

अमेरिका में कोरोना संक्रमित लोगों की कुल तादात 40 लाख के करीब हो रही है। अब तक करीब एक लाख 44 हजार पीडि़तों की जान गई है। फ्लोरिडा में संक्रमण तेजी से बढ़ने के बावजूद प्रांत के गवर्नर रॉन डिसेंटिस स्कूलों को दोबारा खोलने की योजना बना रहे हैं। इस कदम पर रोक लगवाने के लिए प्रांत की शिक्षक यूनियन कोर्ट जाने की तैयारी में है। इधर, महामारी के दूसरे केंद्र के तौर पर उभरे कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसोम ने कहा कि देश की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाले इस राज्य में नए संक्रमण में अब भी तेजी जारी है। हालांकि कुछ स्थिरता भी देखी जा रही है। इस प्रांत में संक्रमित लोगों का आंकड़ा चार लाख होने वाला है। अमेरिका में अब तक सबसे ज्यादा संक्रमित न्यूयॉर्क प्रांत में पाए गए हैं। इस प्रांत में चार लाख 34 हजार मरीज पाए जा चुके हैं। हालांकि अब यहां संक्रमण की दर में गिरावट आ गई है। इसी के चलते न्यूयॉर्क में अब टेलीविजन और फिल्म निर्माण की गतिविधियों को भी बहाल करने की छूट दी जा रही है। कुछ पाबंदियों के साथ बॉटनिकल गार्डेन और चिडि़याघरों को भी खोलने की इजाजत दी गई है।

ईरान में 24 घंटे में कोरोना से रिकॉर्ड मौत

ईरान में पिछले 24 घंटे में कोरोना से रिकॉर्ड 229 पीड़ितों की मौत हुई। इससे पहले गत नौ जुलाई को एक दिन में 221 रोगियों की जान गई थी। पश्चिम एशियाई देश में महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित इस देश में अब तक कुल 14 हजार 634 पीडि़त दम तोड़ चुके हैं। जबकि दो लाख 42 हजार संक्रमित पाए गए हैं।

मेक्सिको में मास्क नहीं पहनने पर सख्ती

मेक्सिको में कोरोना महामारी का कहर लगातार जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में बीते 24 घंटे में 5,172 नए मामले मिलने से संक्रमित लोगों की तादात बढ़कर तकरीबन साढ़े तीन लाख हो गई है। अब तक करीब 40 हजार की जान भी गई है। महामारी पर अंकुश लगाने के प्रयास में मास्क नहीं पहनने वालों पर अब सख्ती की जा रही है।

दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने लोगों से मांगी मदद

दक्षिण अफ्रीका के स्वास्थ्य मंत्री ज्वेली माखिजे ने लोगों से आग्रह किया कि वे कोरोना महामारी से लड़ाई में सरकार की मदद करें। इस अफ्रीकी देश में संक्रमित लोगों की संख्या तीन लाख 70 हजार से ज्यादा हो गई है। पांच हजार से अधिक की मौत हुई है। जबकि एक लाख 91 हजार उबर चुके हैं।

विश्वभर में कोरोना महामारी से जुड़े प्रमुख बिंदु

श्रीलंका : कोरोना की चपेट में आए श्रीलंकाई नौसेना के सभी 906 सैनिक अब पूरी तरह उबर गए हैं। वे सभी गत अप्रैल में संक्रमित पाए गए थे।

रूस : 5,842 नए संक्रमित पाए जाने से देश में पीडि़तों का आंकड़ा बढ़कर सात लाख 83 हजार हो गया है। अब तक 12 हजार 580 की जान गई है।

पाकिस्तान : नए मामलों में गिरावट के बीच मुल्क में गत 24 घंटे में 1,013 नए रोगी मिलने से संक्रमित लोगों की संख्या दो लाख 66 हजार हो गई है।

ऑस्ट्रेलिया : महामारी के केंद्र बने विक्टोरिया प्रांत में 374 नए संक्रमित पाए गए। प्रांत में दूसरे दौर का संक्रमण रोकने के लिए कई उपाए किए गए हैं।

दक्षिण कोरिया : कोरियाई देश में 40 दिन बाद नए मामलों में उछाल के साथ 45 नए संक्रमित पाए गए हैं। यहां संक्रमण पर काफी अंकुश लग चुका है।

नेपाल : सरकार ने करीब चार महीने की रोक के बाद आगामी 17 अगस्त से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बहाल करने का निर्णय लिया है।

इजरायल : कोरोना महामारी की रोकथाम के प्रयास में सरकार ने यात्री उड़ानों पर लगी रोक को एक सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.