अमेरिका के कैलिफोर्निया व फ्लोरिडा में गहराया कोरोना संकट, रिकॉर्ड स्तर पर हो रहीं मौंतें; जानें पूरे विश्व का हाल
कोरोना से दुनिया में सबसे ज्यादा मौत अमेरिका और ब्राजील में हुई है। इसके बाद तीसरे स्थान पर मेक्सिको पहुंच गया है।
वाशिंगटन, एजेंसियां। दुनिया में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा हलकान अमेरिका के कैलिफोर्निया और फ्लोरिडा प्रांतों में इस खतरनाक वायरस के चलते संकट गहराता जा रहा है। इन दोनों प्रांतों में हाल के कुछ दिनों से रोजाना रिकॉर्ड संख्या में कोरोना पीडि़त दम तोड़ रहे हैं। इससे दुनिया के इस सबसे ताकतवर देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या एक लाख 56 हजार से ज्यादा हो गई है। जबकि अब तक 47 लाख से अधिक इस घातक वायरस की चपेट में आकर संक्रमित हो चुके हैं।
समाचार एजेंसी रायटर के डाटा के अनुसार, शुक्रवार को फ्लोरिडा में 257 और कैलिफोर्निया में 208 पीड़ितों की जान गई। फ्लोरिडा में लगातार चौथे दिन सबसे ज्यादा मरीजों की मौत हुई। जबकि कैलिफोर्निया में इस हफ्ते दूसरी बार सबसे ज्यादा पीडि़तों ने दम तोड़ा है। मिसिसिपी, मोंटाना और नेवादा प्रांतों में भी मरने वालों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके चलते अमेरिका में जुलाई के दौरान कुल 25 हजार से ज्यादा मौतें हुई। जबकि इस अवधि में करीब 18 लाख 70 हजार लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। गत जुलाई में अमेरिका में पाए गए कुल नए मामलों में से तीन लाख दस हजार अकेले फ्लोरिडा में पाए गए थे। करीब इतने ही मामले कैलिफोर्निया में मिले थे। जबकि टेक्सास में तकरीबन दो लाख 60 हजार नए संक्रमित पाए गए थे। ये तीनों प्रांत महामारी के नए केंद्र के तौर पर उभरे हैं। इनके अलावा पिछले माह अलबामा, अलास्का, एरिजोना, साउथ कैरोलिना, अरकांसस, ओरेगन, वेस्ट वर्जीनिया, जॉर्जिया, हवाई, टेनेसी, मिसिसिपी, मोंटाना और नेवादा में भी पीडि़तों की संख्या दोगुनी हो गई। अमेरिका में गत 16 जुलाई को एक दिन में रिकॉर्ड 77 हजार नए मामले पाए गए थे।
जॉनसन ने लॉकडाउन में और ढील देने की योजना टाली
ब्रिटेन में दूसरे दौर की महामारी के बढ़ते खतरे के मद्देनजर प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने इंग्लैंड में लॉकडाउन में और ढील देने की योजना को दो हफ्ते के लिए टाल दिया है। बीबीसी के अनुसार, देश में नए मामलों में वृद्धि के चलते यह कदम उठाया गया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में 880 नए मामले पाए गए। जबकि 120 पीडि़तों की मौत हुई। ब्रिटेन में अब तक कुल तीन लाख से ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए और 46 हजार से अधिक की मौत हुई है।
मेक्सिको में भी बिगड़े हालात, 46 हजार से ज्यादा मौत
कोरोना से दुनिया में सबसे ज्यादा मौत अमेरिका और ब्राजील में हुई है। इसके बाद तीसरे स्थान पर मेक्सिको पहुंच गया है। इस देश में अब तक 46 हजार 688 पीडि़त दम तोड़ चुके हैं। पहले तीसरे नंबर पर ब्रिटेन था। यहां 46 हजार 119 की जान गई है। अमेरिका में एक लाख 55 हजार और ब्राजील में 92 हजार से ज्यादा की मौत हुई है। मेक्सिको में करीब सवा चार लाख लोग संक्रमित मिल चुके हैं।
रूस में बड़े पैमाने पर टीकाकरण की तैयारी
रूस के स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराशको ने कहा कि कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए अक्टूबर से बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान शुरू करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोरोना वैक्सीन का क्लीनिकल ट्रायल पूरा हो गया है। सबसे पहले डॉक्टरों और शिक्षकों को टीका लगाया जाएगा। मिखाइल ने कहा, 'अक्टूबर से व्यापक टीकाकरण शुरू करने की योजना है।'
विश्वभर में कोरोना महामारी से जुड़े प्रमुख बिंदु
वियतनाम : फिर 40 मामले पाए जाने से संक्रमितों की संख्या 586 हो गई है। तीन की जान भी गई है। इस देश में 100 दिन बाद संक्रमण बढ़ा है।
कुवैत : इस खाड़ी देश ने कोरोना संक्रमण के चलते भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका समेत 31 देशों की उड़ानों पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।
पोलैंड : इस यूरोपीय देश में लगातार तीसरे दिन रिकॉर्ड संख्या में नए मामले पाए गए। 648 नए केस मिलने से कुल 46 हजार से ज्यादा मामले हो गए हैं।
जापान : राजधानी टोक्यो में लगातार तीसरे दिन रिकॉर्ड 472 नए मामले पाए गए। शहर के गवर्नर ने लोगों से मास्क पहनने और हाथ धोने की अपील की।
जर्मनी : राजधानी बर्लिन में महामारी की रोकथाम के लिए लगाई गई सख्त पाबंदियों के विरोध में लोगों ने सड़कों पर उतरकर अपना गुस्सा जाहिर किया।
केन्या : इस अफ्रीकी देश में संक्रमण में गिरावट के बाद केन्या एयरवेज ने शनिवार से अपनी अंतरराष्टीय उड़ानें बहाल कर दी है।