अमेरिका में अफ्रीकी मूल के अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की हत्या में मुख्य आरोपित पुलिस अधिकारी रिहा
पुलिस हिरासत में हुई जॉर्ज फ्लायड की मौत के बाद अमेरिका में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए। उधर आरोपित पुलिस अधिकारी के रिहा होने की खबर के बाद गवर्नर टिम वाज ने स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए प्रांतीय पुलिस के 100 अधिकारियों को भेजा है।
मिनिपोलिस, एपी। अमेरिका में 46 साल के अफ्रीकी मूल के अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के मामले में मुख्य आरोपित पुलिस अधिकारी को जमानत मिल गई है। कोर्ट के रिकॉर्ड के मुताबिक बुधवार को आरोपित अमेरिकी पुलिस अधिकारी डेरेक चाउविन को दस लाख डॉलर के मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
दरअसल, 25 मई को अमेरिका के मिनिपोलिस में फ्लॉयड को एक दुकान में नकली बिल का इस्तेमाल करने पर गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस फ्लायड को गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर रही थी, उसी दौरान वह जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। हालांकि बाद में एक वीडियो सामने आया, जिसमें श्वेत पुलिस अधिकारी फ्लायड की गर्दन को घुटने से दबाता दिख रहा था। पुलिस फ्लायड की गर्दन को तब तक दबाता है जब तक उसकी मौत नहीं हो जाती है।
रिहा होने के बाद स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए प्रांतीय पुलिस के 100 अधिकारी भेजे गए
पुलिस हिरासत में हुई जॉर्ज फ्लायड की मौत के बाद अमेरिका में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए। उधर, आरोपित पुलिस अधिकारी के रिहा होने की खबर के बाद गवर्नर टिम वाज ने स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए प्रांतीय पुलिस के 100 अधिकारियों को भेजा है। फ्लायड के परिवार ने इसे अन्यायपूर्ण बताया है।
इसको लेकर अमेरिका में हुए थे जमकर विरोध प्रदर्शन
जॉर्ज फ्लॉयड की हत्या के बाद ओरेगन प्रांत के पोर्टलैंड शहर में 100 दिनों से ज्यादा नस्लभेद विरोधी प्रदर्शन हिंसक घटनाएं हुईं थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बमों से हमला किया था, जिसमें एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया था। लुइसविले में सशस्त्र पुलिस समर्थक और नस्लभेद विरोधी प्रदर्शनकारी आपस में भिड़ गए थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का उपयोग किया था। तभी टेक्सास के ट्राविस लेक पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में 'बोट परेड' का आयोजन किया गया था।