Shooting in New York: न्यूयार्क में गोलीबारी में चार लोगों की मौत, तीन घायल
ब्रुकलिन सोशल क्लब की गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।
न्यूयॉर्क, एएफपी। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के एक अवैध जुआघर में शनिवार तड़के गोलीबारी की घटना में चार लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना स्थल से दो बंदूक बरामद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ब्रूकलिन के क्राउन हाईट्स इलाके में हुई इस घटना में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना के कारणों के बारे में भी अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। घटना स्थल से दो बंदूक बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति फरार हुआ है, वह भी घायल है। एक अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि छह पुरुषों और एक महिला को गोलियों से मारा गया गया है। चार पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक महिला और दो पुरुष भी गोलियां की चपेट में आए, लेकिन गंभीर चोटों से बच गए। पहले पांच लोगों के घायल होने की खबर आई थी। चश्मदीदों से घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है, जो इस घटना के बारे में जानते हैं।
पिछले हफ्ते हुई है गोलीबारी
अभी पिछले हफ्ते ही गोली बारी की दो घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई थी। मैसाचुसेट्स में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इन सभी लोगों के शव अपने ही घर में पाए गए थे। इसके पहले कंसास में दो बंदूकधारियों ने एक बार में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की थी जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी और पांच अन्य घायल हो गए थे।
बंदूकों की खरीद-बिक्री पर उठे सवाल
गोलीबारी की इन घटनाओं से अमेरिका में हथियारों की खरीद बिक्री पर बहस शुरू हो गई है। अमेरिका में बंदूकों की खुलेआम बिक्री होती है। यहां सैकड़ों की तादाद में स्टोर खुले हुए हैं जहां बंदूकें बेची जाती हैं। इनमें वॉलमार्ट जैसे बड़े शॉपिंग आउटलेट से लेकर छोटी-छोटी दुकानें भी शामिल हैं। आम लोग भी नियमित रूप से अपने पड़ोस से या परिवार के सदस्यों से बंदूकें खरीदते हैं। हथियारों के इस खुले लेन-देन में कोई जांच-पड़ताल नहीं होती।