अकबरुद्दीन ने कहा- यूएन मुख्यालय के सौर प्रोजेक्ट में भारत ने दिए सात करोड़
यूएन के अवर महासचिव जेन बीगल ने इस पर भारत का आभार जताते हुए कहा, भारत के उदार योगदान के लिए मैं अकबरुद्दीन को धन्यवाद देता हूं।
संयुक्त राष्ट्र, प्रेट्र। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) मुख्यालय की छत पर सौर पैनल लगाने के लिए भारत ने दस लाख डॉलर (करीब सात करोड़ रुपये) की सहयोग राशि दी है। भारत का मानना है कि यूएन मुख्यालय के सौर ऊर्जा से संचालित होने पर कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।
यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने कहा, 'यूएन महासचिव एंटोनियो गुतेरस की अपील पर सबसे पहले भारत ने प्रतिक्रिया दी। कार्बन उत्सर्जन में कमी और सतत ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए भारत ने यूएन मुख्यालय के सौर प्रोजेक्ट के लिए दस लाख डॉलर की धनराशि दी है।'
यूएन के अवर महासचिव (प्रबंधन) जेन बीगल ने इस पर भारत का आभार जताते हुए कहा, 'भारत के उदार योगदान के लिए मैं अकबरुद्दीन को धन्यवाद देता हूं।' गत जून में विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर एक सत्र में अकबरुद्दीन ने यूएन परिसर में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल का सुझाव दिया था। साथ ही इसमें भारत के शामिल होने की पेशकश भी की थी।
उन्होंने आशा जताई थी कि अगले साल विश्व पर्यावरण दिवस से पहले इमारत के कुछ हिस्सों को सौर ऊर्जा से प्रकाशित कर दिया जाएगा।