अमेरिका में तीन स्पा सेंटरों में फायरिंग, चार एशियाई महिलाओं सहित आठ मरे
अमेरिका के अटलांटा में तीन मसाज पार्लर्स में हुई शूटिंग की घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई और एक शख्स घायल है। जिन दो मसाज पार्लरों स्पा में गोलीबारी हुई वे सड़क पर आमने-सामने स्थित हैं और तीसरा चेरोकी काउंटी में है।
अटलांटा, एजेंसियां। अमेरिका में अटलांटा के तीन स्पा सेंटरों में अंधाधुंध फायरिंग में चार एशियाई मूल की महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 21 साल के एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है। स्पा सेंटरों पर हमला स्थानीय समय के अनुसार शाम पांच बजे अटलांटा से पचास किमी. दूर एकवर्थ में शुरू हुआ। यहां स्ट्रिप मॉल में एशियन मसाज पार्लर को निशाना बनाया गया। ताबड़तोड़ फायरिंग में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, तीन गंभीर लोगों को अस्पताल ले जाया गया। जहां दो घायलों ने कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया। इस घटनास्थल पर किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
लगभग पचास मिनट बाद दूसरे स्पा सेंटर को निशाना बनाया गया। अटलांटा के ही नजदीक बकहैड से पुलिस को डाका पड़ने की जानकारी दी गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि यहां भी स्पा सेंटर को ही निशाना बनाया गया। यहां गोल्ड स्पा नाम के सेंटर पर भी गोलियां चलाई गई थीं। हमले में तीन महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। इसके कुछ देर बाद ही हमलावरों ने तीसरे स्पा सेंटर एरोमा थेरेपी स्पा को अपना निशाना बनाया। जब तक यहां पुलिस पहुंची, हमला करने वाले यहां से भी भाग चुके थे। यहां एक महिला का शव पड़ा मिला। इसके शरीर में भी गोलियां लगी हुई थीं।
अटलांटा के पुलिस प्रमुख रोडनी ब्रांयट के अनुसार मरने वालों में चार एशियाई मूल महिलाएं हैं। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के बाद एशियाई-अमेरिकी लोगों पर हमले बढ़ गए हैं। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वुडस्टॉक के रहने वाले 21 वर्षीय युवक रॉबर्ट आरोन लोंग को अटलांटा से 240 किमी. दूर हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार अटलांटा की फायरिंग में युवक रॉबर्ट संदिग्ध है। हमले के समय इस युवक को अपनी गाड़ी सहित वहां देखा गया था।
एफबीआइ ने कहा है कि तीनों स्थानों पर हुए हमलों में अटलांटा और चेरोकी काउंटी अधिकारियों की मदद की जा रही है। हमलावरों ने जिन तीन स्पा सेंटरों को निशाना बनाया है, उनमें से दो पास-पास हैं, जबकि तीसरा इन दोनों स्पा सेंटरों से 48 किमी. दूर है। माना जा रहा है कि इन सभी घटनाओं में एक ही तरीके से हमले किए गए हैं।