अमेरिका के टेक्सास में फायरिंग, दो की मौत, पांच अन्य घायल
सैन एंटोनियो में फायरिंग के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। इसमें पांच लोग जख्मी हुए हैं। यह फायरिंग एक म्यूजियम में हुई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
टेक्सास, एजेंसी। अमेरिका के सैन एंटोनियो में फायरिंग के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। इसमें पांच लोग जख्मी हुए हैं। यह फायरिंग एक म्यूजियम में हुई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल पीडि़तों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है। स्पुतनिक ने स्थानीय मीडिया का हवाला देते हुए बताया है कि सैन एंटोनियो में हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उधर, अमेरिका के होनोलुलु में रविवार दोपहर को हुई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। होनोलुलु में गोलीबारी करने वाले बदमाश से मुठभेड़ के दौरान यह घटना हुई। एफबीआइ ने इस भी गोलीबारी में पुलिस के दो जवानों के मरने की पुष्टि की है। पुलिस की बदमाश के साथ मुठभेड़ लंबी चली और इसके लिए घटनास्थल के आसपास के मकान खाली कराए गए। इसके अलावा होनोलुलु के मेयर ऑफिस की ओर से दोनों पुलिसकर्मियों की मौत की आधिकारिक पुष्टि भी की गई है।
गौरतलब है कि अमेरिका में सार्वजनिक स्थल पर गोलीबारी होना नई बात नहीं है। इसलिए वहां की बंदूक नीति पर सवालिया निशान खड़े होते रहे हैं। दरअसल, अमेरिका का संविधान हर नागरिक को आत्मरक्षा के लिए बंदूक रखने का अधिकार देता है। अमेरिका में इस नीति का बड़े पैमाने पर विरोध भी होता रहा है। विरोध करने वाले मानते हैं कि बंदूक की गिनती और बंदूक से होने वाली हिंसा का सीधा सीधा संबंध है। 2012 में अमेरिका में बंदूक से दूसरों को निशाना बनाने की दर 10 लाख लोगों पर 29.7 फीसद थी, जो कि अन्य देशों के मुकाबले बेहद अधिक है।