एकही परिवार में दो महिलाओं की रहस्यमय मौत से दहशत
-एक ही पंखे से दोनों गोतनी का शव लटकता मिला -दोनों मृतका के पति हाईस्कूल के शिक्षक संवाद सूत्र
-एक ही पंखे से दोनों गोतनी का शव लटकता मिला
-दोनों मृतका के पति हाईस्कूल के शिक्षक
संवाद सूत्र,रायगंज: एक परिवार में दो गृहवधुओं की अस्वाभाविक मौत ने हर किसी को सकते में डाल दिया है। मृतका दोनों रिश्ते में गोतनी है। बीती रात एक ही पंखे से लटकता हुआ दोनों का शव बरामद हुआ। मृतका का नाम वर्णाली सरकार (36) और सुजाता सरकार (32) है। दोनों के पति करनदिघी थाना क्षेत्र के पतनोर इलाके के रहने वाले है। दोनों हाई स्कूल शिक्षक हैं। ये लोग फिलहाल रायगंज के अशोकपल्ली (पालपाड़ा) में किराए के मकान में रहते हैं। वर्णाली के पिता का घर कालियागंज के गुप्ता पाड़ा में है और उसका पति सुजन सरकार ईटाहार के राजग्राम हाईस्कूल में शिक्षक है। वहीं सुजाता का मायके चाकुलिया है और उसका पति रायगंज के हतिया हाई स्कूल का शिक्षक है। वर्णाली को एक पुत्री और सुजाता को एक पुत्र संतान है। बीती रात दोनों का शव एक ही कमरे में एक ही पंखें से लटकता हुआ पाया गया। किसी को यह समझ में नहीं आ रहा है कि ये दोनों एक कमरे में और बाकी लोग अन्य कमरे में क्यों थे। जब परिवार में कोई कलह नहीं था तो ऐसा कदम क्यों उठाया गया। हालाकि वर्णाली के मायके वाले ने हत्या का आरोप दामाद पर लगाया है लेकिन आज पास के लोग इसके पीछे कोई ठोस कारण नहीं ढूंढ पा रहे है। रायगंज थाना पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए रायगंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दी है। दोनों के पतियों से थाना में गहन पूछताछ की जा रही है। गुरुवार को रायगंज पुलिस जिला के अधीक्षक मो साना अख्तर घटना स्थल का दौरा कर सुराग खोजने की कोशिश की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किसी खास निर्णय पर पहुंचा जा सकता है। वैसे पुलिस हर पहलुओं पर तहकीकात कर रही है। स्थानीय पार्षद परितोष मुखर्जी ने कहा कि यह हैरान कर देने वाली घटना है। इस संदर्भ में कोई भी आकलन सटीक नहीं बैठ रहा है। यह घटना पूरी तरह से राहस्यजनक बनी हुई है, जिसका खुलासा पुलिस के तफ्तीश से ही संभव है। फिलहाल हत्या या आत्महत्या दोनों ही बिंदु संदिग्ध है।
कैप्शन : मृतका महिलाओं की फाइल फोटो