स्टीमर हादसे में एक की मौत, दो लॉरी बरामद
-फरक्का से मंगाया गया था हाइड्रोलिक क्रेन संवाद सूत्रमालदा मालदा के माणिकचक स्थित गंगा घा
-फरक्का से मंगाया गया था हाइड्रोलिक क्रेन
संवाद सूत्र,मालदा: मालदा के माणिकचक स्थित गंगा घाट में विगत 23 नवंबर को स्टीमर के डूबने से 13 लोग डूब गए थे, जिसमें बुधवार को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। एनडीआरएफ की टीम राहत व बचाव कार्य के लिए पिछले तीन दिनों से जुटी हुई है। फरक्का से हाइड्रोलिक क्रेन मंगाकर डूबे हुए ट्रक को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। आज नदी से दो ट्रक बरामद की गयी।
पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम साइदुल शेख(18)है। वह झारखंड के उदुआबाड़ी गांव का निवासी बताया गया है। वह पेशे से लॉरी का खलासी बताया गया है। लापता लोगों की सूची में उसका नाम नहीं था। अभी भी मंटू शेख, मयना शेख और तारक कुमार यादव का पता नहीं चल पाया है।
इस संबंध में भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने बताया कि नदी घाट पर बोल्डर को लेकर पैसा उगाही किया जाता है। यदि प्रशासन नजरदारी करती तो ये हादसा नहीं होता। ओवरलोडिंग से ही यह हादसा हुआ है। यही कारण है कि अभी तक प्रशासन के पास सटीक जानकारी नहीं है कि स्टीमर पर कितने लोग थे, कौन-कौन से वाहन थे। इसके लिए जांच होना चाहिए।
जिला परिषद के सभाधिपति गौड़ चंद्र मंडल ने बताया कि पुलिस प्रशासन पूरे स्थिति पर नजरदारी कर रही है। राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग युद्ध स्तर पर लोगों को बचाने में जुटी है। इस समय राजनीति करने का समय नहीं है। मिलकर सहयोग करना होगा।
कैप्शन : बरामद शव को ले जाते आपदा प्रबंधन के लोग