जमीन विवाद को लेकर तृणमूल के दो गुटों में मारपीट
- एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल मालदा मेडिकल में चल रहा इलाज संवाद सूत्र मालदा जमीन विवाद
- एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, मालदा मेडिकल में चल रहा इलाज
संवाद सूत्र, मालदा: जमीन विवाद को लेकर बुलाई गई सालिसी सभा में तृणमूल के दो गुट के बीच जमकर मारपीट और बमबाजी हुई। एक कार्यकर्ता को हंसुआ मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उसे मालदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यह घटना शनिवार को मालदा के इंग्लिशबाजार थाना के अंतर्गत फूलबाड़िया ग्राम पंचायत के नतुन नगरिया गांव में घटी है।
पुलिस सूत्रों की माने तो घायल का नाम दाउद शेख है। वह फुलबाड़िया ग्राम पंचायत के प्रधान रहिमा बीबी के पति जाहिदूल शेख का चचेरा भाई है। वहीं दूसरे गुट में पंचायत सदस्य के पति लकी नादार का नाम शामिल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव के निवासी अक्रम शेख तीन भाई और एक बहन हैं। इसका बंटवारा हो गया था। बहन की जमीन के हिस्से का पैसा दो भाइयों ने दे दिया, लेकिन एक ने नहीं दिया। इस बारे में पुलिस को जानकारी दी गई, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। फिर इसकी शिकायत पंचायत में की गई। इसके बाद शनिवार को पूरे मामले को लेकर सालिसी सभा बुलाई गई थी। यहीं तृणमूल के दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। मारपीट में दाउद शेख के पीठ और सिर पर गंभीर चोटें आई है।
इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस के को-ऑर्डिनेटर दुलाल सरकार ने कहा कि इसमें तृणमूल गुटबाजी का कोई मामला नहीं है। यह एक गांव का विवाद है। प्रशासन मामले की जांच कर जरूरी कार्रवाई करेगी। वहीं जिला भाजपा के उपाध्यक्ष अजय गांगुली ने कहा कि किसी भी ग्रामीण और सामाजिक विवाद में तृणमूल के लोग घुस जाते हैं। तृणमूल यहां अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इस प्रकार की घटना को अंजाम देने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक अलोक रजोरिया ने कहा कि मौके पर पुलिस पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है।