वामपंथी एक्टिविस्ट पर कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकार पर हमला: येचुरी
कई राज्यों में प्रमुख वामपंथी एक्टिविस्टों पर छापे की निंदा करते हुए माकपा ने भाजपा नेतृत्व वाले केंद्र पर लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला करने का आरोप लगाया।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। कई राज्यों में प्रमुख वामपंथी एक्टिविस्टों पर छापे की निंदा करते हुए माकपा ने भाजपा नेतृत्व वाले केंद्र पर लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला करने का आरोप लगाया। महाराष्ट्र पुलिस ने हैदराबाद, मुंबई, नई दिल्ली, फरीदाबाद और अन्य स्थानों में प्रमुख वामपंथी कार्यकर्ताओं के घरों पर छापेमारी कर संदिग्ध माओवादी लिंक के लिए उनमें से करीब पांच लोगों को गिरफ्तार है।
माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कोलकाता में कहा, यह लोकतांत्रिक अधिकारों और स्वतंत्रता पर एक आघात है। भाजपा सरकार नागरिकों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को परेशान करने व अपराधियों की रक्षा करने की कोशिश कर रही है। यह हमारे लोकतंत्र के लिए बहुत खतरनाक प्रवृत्ति है।
येचुरी ने दावा किया कि पुलिस कार्यकर्ताओं के खिलाफ गलत तरीके से गैरकानूनी क्रियाकलाप रोकथाम अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही है। हम मांग करते हैं कि पुलिस कार्यकर्ताओं को परेशान करना बंद कर दे और हिंसा में शामिल वास्तविक अपराधियों को गिरफ्तार करे।