West Bengal Politics : विस चुनाव से पहले बंगाल में जनसंपर्क बढ़ाने के लिए माकपा ने लॉंच किया 'लेफ्ट स्क्वायड' ऐप
West Bengal Politics बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अपनी खोई जमीन हासिल करने के लिए माकपा की कवायद। पार्टी ने लेफ्ट स्क्वाड नाम से एक नया ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप से आम आदमी की समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अपनी खोई जमीन को हासिल करने के लिए माकपा भी भाजपा व अन्य दलों की तरह डिजिटलीकरण की राह पर चल पड़ी है। इसके तहत पार्टी ने 'लेफ्ट स्क्वाड' नाम से एक नया ऐप लॉन्च किया है। इसके जरिए पार्टी जनसंपर्क बढ़ाएगी। यह ऐप आम आदमी की आवाज बनेगी और उनकी समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
हाशिए पर खड़े लोगों की मदद ही मुख्य उद्देश्य
हालांकि पार्टी के पोलित ब्यूरो के सदस्य व पूर्व सांसद मोहम्मद सलीम ने बताया कि इस ऐप को शुरू करने का मुख्य उद्देश्य हाशिए पर खड़े लोगों की व्यथा और उनके दुख को व्यक्त करना और उन तक मदद पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से पार्टी सोशल मीडिया पर जरूरतमंद लोगों की तकलीफों को उठाएगी और आवश्यक सहायता प्रदान करने का प्रयास करेगी।
विस चुनाव से पहले जनसंपर्क बढ़ाने की कवायद
इधर, राजनीतिक जानकारों की मानें तो यह पहल एक तरह से चुनाव से पहले लोगों से जनसंपर्क बढ़ाने की कवायद है। सलीम ने यह भी कहा कि जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए की गई इस पहल में धन की भी आवश्यकता होगी। इसके लिए उन्होंने खुद 5 लाख रुपये देकर एक फंड की भी शुरुआत की है। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी इसमें सहयोग की अपील की है।
...तो सोशल मीडिया पर निर्भरता बढ़ा रही माकपा
सलीम ने इस दौरान केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लॉकडाउन के दौरान गरीबों को मुफ्त में अनाज देने की जो बड़ी-बड़ी घोषणाएं की गई थी वह उन तक नहीं पहुंची। उन्होंने मीडिया पर भी आरोप लगाया कि वह अपना दायित्व ठीक से नहीं निभा रही है। इसीलिए माकपा सोशल मीडिया पर निर्भरता बढ़ा रही है।