West Bengal Politics:हमले के बाद सांसद सुनील मंडल को केंद्र ने प्रदान की 'वाई प्लस' श्रेणी की सुरक्षा
हाल में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए बद्र्धमान पूर्व से सांसद सुनील मंडल को केंद्र सरकार की तरफ से वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। पिछले दिनों कोलकाता में भाजपा कार्यालय जाते समय सुनील मंडल पर कुछ लोगों ने हमला किया था।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : हाल में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए बद्र्धमान पूर्व से सांसद सुनील मंडल को केंद्र सरकार की तरफ से 'वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। पिछले दिनों कोलकाता में भाजपा कार्यालय जाते समय सुनील मंडल पर कुछ लोगों ने हमला किया था। वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने घटना पर गंभीर चिंता जताई थी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को भी घटना की जानकारी दी गई थी। उसके बाद सांसद की सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था की गई है। सुनील मंडल की सुरक्षा में केंद्रीय बल के 11 सशस्त्र जवान चौबीसों घंटे मुस्तैद रहेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले सुवेंदु अधिकारी को भी केंद्रीय सुरक्षा प्रदान की जा चुकी है। सुवेंदु अधिकारी और सुनील मंडल एक साथ तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने पूर्व मेदिनीपुर में हुई भाजपा की जनसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भगवा पार्टी का झंडा थामा था।
सुनील मंडल ने कहा कि बंगाल में कोई सुरक्षित नहीं है। पुलिस तृणमूल की गुलाम बन चुकी है इसलिए केंद्र सरकार की तरफ से उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। सुनील मंडल ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में तृणमूल के ही एक वर्ग ने उन्हें हराने की कोशिश की थी। तृणमूल के कुछ अच्छे नेताओं ने उन्हें जीतने में मदद की थी, जो बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी में उपेक्षित हैं।
सांसद ने दावा किया कि अगले साल अप्रैल तक तृणमूल खत्म हो जाएगी। विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए उसे उम्मीदवार तक नहीं जुटेंगे। तृणमूल के बहुत से लोग उनके नियमित संपर्क में हैं और वे सही समय पर भाजपा में शामिल हो जाएंगे।