उनका एक ही लक्ष्य, एक ही सपना-पर्यावरण को बचाना..और वह पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता रहा
देबनाथ ने कहा- रैली में काफी लोग एक जगह इकट्ठा होंगे इसलिए यहां लोगों से पर्यावरण के प्रति जागरूक होने की अपील की। उनका लक्ष्य है। एक ही सपना है-पर्यावरण को बचाना।
कोलकाता, विनय कुमार/प्रकाश पांडेय। कोलकाता महानगर के दिल धर्मतल्ला में आयोजित शहीद रैली के दौरान कुछ लोग मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक झलक पाने को बेताब नजर आ रहे थे तो कुछ सैर सपाटे के मकसद से कोलकाता पहुंचे थे लेकिन इन सबके बीच रैली के रेले में एक ऐसा शख्स भी मौजूद था, जो अपनी साइकिल पर पौधा लगाए पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता फिर रहा था। उनके साथ कुछ सहयोगी भी इस कार्य में उनका भरपूर साथ दे रहे थे।
पर्यावण संरक्षण का संदेश लिए रैली में पहुंचे प्रकाश देबनाथ ने बताया कि पर्यावरण से छेड़छाड़ खतरनाक हो सकता है। देश में आई सभी त्रसदी पर्यावरण से छेड़छाड़ का ही नतीजा है इसीलिए वे पर्यावरण को बचाने के लिए निकल पड़े। यह पहली बार नहीं है। वे विगत कई वर्षो से पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरुक करने का काम कर रहे हैं। शहीद दिवस में पिछले पांच वर्षो से पर्यावरण संरक्षण को लेकर संदेश देते आ रहे हैं। यह उनका छठा वर्ष है।
देबनाथ ने आगे कहा कि वे जानते थे कि रैली में काफी लोग एक जगह पर इकट्ठा होंगे इसलिए उन्होंने यहां लोगों से पर्यावरण के प्रति जागरूक होने की अपील की। उनका एक ही लक्ष्य है। एक ही सपना है-पर्यावरण को बचाना, जिसके लिए वे लगातार प्रयासरत है।
वहीं उनके सहयोगी भोलानाथ मंडल बताते हैं कि वर्तमान में पर्यावरण व जल संकट सबसे बड़ी समस्या है इसलिए उन्होंने रैली में उपस्थित सभी लोगों से नीम का पेड़ लगाने की अपील की। उनके एक सहयोगी राजा घोष ने बताया कि उन्होंने हर व्यक्ति से एक पेड़ लगाने की अपील की। वहीं पर्यावरण के प्रति लगाव व समर्पण को देखते हुए कई लोगों ने इनके प्रयासों को सराहा।
उत्साह की रैली में अनूठे रंग
शहीद रैली में पूरा शहर हरित रंग से सरोबार हो गया। इस रैली में कार्यकर्ताओं के उत्साह का अनूठा रंग देखने को मिला। रैली में आए सभी कार्यकर्ताओं पर जोश व जुनून का ऐसा रंग चढ़ा हुआ था कि हर व्यक्ति अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को बेताब नजर आ रहा था। इसके लिए तृणमूल समर्थक अलग वेशभूषा में पहुंचे थे। इन्हीं में से हैं सुधीर पाल व अजीत कुंडू। उत्तर 24 परगना जिले के दमदम निवासी सुधीर पाल का जोश क्रिकेट मैदान में भारतीय टीम का समर्थन करने वाले सुधीर से तनिक भी कम नहीं था। वह अपने पूरे शरीर पर रंग लगाए हुए रैली में पहुंचे थे। जहां लोगों में सेल्फी लेने की होड़ लगी हुई थी। वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व सांसद अभिषेक बनर्जी की तस्वीर गले में लटकाए अजित कुंडू विचित्र साज-सज्जा से लोगों को ध्यान खींच रहे थे। एस्प्लानेड मेट्रो के गेट के सामने बैठे भवानीपुर निवासी अजीत को देखने के लिए लोगों का रेला लगा रहा।