लंदन पहुंचीं ममता बनर्जी, विमान में केक काटकर हुआ स्वागत
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तीन दिवसीय ब्रिटेन सफर पर लंदन पहुंचीं।
कोलकाता, जेएनएन। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तीन दिवसीय ब्रिटेन सफर पर शनिवार को लंदन पहुंचीं। हीथ्रो हवाईअड्डे पर उतरने के साथ ही निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक ममता सेंट जेम्स कोर्ट होटल पहुंचीं। वहां मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए पहले से ही भारतीय दूतावास के अधिकारी उपस्थित थे।
इससे पहले जब शुक्रवार को मुख्यमंत्री रात 8.05 बजे दमदम हवाईअड्डे से लंदन के लिए रवाना हुईं तो विमान में उनका स्वागत केक काटकर किया गया। विमान जब जमीन से 36,000 फीट की ऊंचाई पर था, तब विमान कर्मियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए उनके सामने केक पेश किया।
'शुभ यात्रा' लिखे केक को ममता ने अपने हाथों से काटा और इसके बाद विमान में सवार अन्य यात्रियों और विमानकर्मियों को भी अपने हाथों से खिला दिया।
प्रवासी बंगालियों व उद्योगपतियों से होंगी मुखातिब
ममता लंदन में 12 नवंबर को स्वामी विवेकानंद की शिष्या सिस्टर निवेदिता के ब्रिटिश आवास को हेरिटेज घोषित करने के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम के दौरान सिस्टर निवेदिता के आवास के बाहर नीले रंग की नेम प्लेट लगाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार, इसी दिन वे प्रवासी बंगालियों के एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। ममता वहां राज्य में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से उद्योगपतियों के साथ एक कार्यक्रम में भी शरीक होंगी।