Bengal Chunav: पुरुलिया की जनसभा में ममता का भाजपा पर हमला, लोगों से पूछा-क्या आप सबके खाते में 15 लाख रुपये आए?
West bengal Bengal election 2021 ममता का आरोप जमशेदपुर में आदिवासियों की जमीन पर भाजपा के लोगों ने कब्जा जमा लिया है। एक तरफ ममता बनर्जी ने पुरुलिया में रैली को संबोधित किया तो वहीं अमित शाह ने गोसाबा में चुनावी सभा की।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले मंगलवार को पुरुलिया में एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा झूठ बोलती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सरकारी कंपनियों को बेच रही है और सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘झूठ की फैक्टरी’ बची रहेगी। ममता बनर्जी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को वोट मत देना। यह पार्टी झूठे सपने दिखाती है और झूठे वादे करती है। भाजपा बंगाल में लोगों से लंबे-चौड़े वादे कर रही है, लेकिन भगवा पार्टी असम और त्रिपुरा में विधानसभा चुनावों के लिए अपने घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने से मुकर गई। पूर्वोत्तर के इन दोनों राज्यों में भाजपा सरकारों ने हजारों सरकारी कर्मचारियों को बेरोजगार कर दिया।
15 लाख के वादे का मुद्दा उठाया
-ममता बनर्जी ने कहा कि 2014 लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने 15-15 लाख रुपये खाते में आने वादा किया था। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या आप लोगों के खाते में 15 लाख रुपये आए? यह गद्दारों और मीर जाफरों की पार्टी है। यह डकैतों और राक्षसों की पार्टी है। यह गरीब लोगों की पार्टी नहीं है। ममता ने अन्य चुनावी रैलियों की तरह यहां भी जनसभा में चंडी पाठ के मंत्र पढ़े। साथ ही, लोगों से सांप्रदायिक राजनीति में संलिप्त नहीं होने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले डर रहे थे इसलिए मेरा पांव जख्मी कर दिया।
भाजपा सरकार ने छीना आदिवासियों का जमीन अधिकार
- टीएमसी सुप्रीमो ने भाजपा पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा उनकी सरकार ने आदिवासियों के भूमि अधिकार बहाल किए हैं। उन्होंने झारखंड का हवाला दिया। ममता ने कहा कि झारखंड के जमशेदपुर में भाजपा की सरकार ने आदिवासियों से भूमि अधिकार छीन लिए थे लेकिन हमारी सरकार ने आदिवासियों को भूमि अधिकार बहाल किए हैं।