Bengal Chunav 2021: हल्दिया के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, दो टीएमसी पार्षद भाजपा में शामिल
West Bengal Assembly Election 2021 बंगाल में पिछले कुछ महीनों में सत्तारूढ़ टीएमसी से बड़ी संख्या में नेताओं का पलायन हुआ है और इन्होंने भाजपा का दामन थामा है। बंगाल विधानसभा चुनाव आठ चरणों में 27 मार्च से शुरू होने वाले है। 29 अप्रैल को अंतिम मतदान होगा।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। पूर्व मेदिनीपुर जिले की हल्दिया नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष श्यामल कुमार अदक बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। अदक के अलावा, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पार्षद स्वपन दास और सुप्रिया मैती भी कोलकाता में पार्टी उपाध्यक्ष मुकुल रॉय की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। बंगाल में पिछले कुछ महीनों में सत्तारूढ़ टीएमसी से बड़ी संख्या में नेताओं का पलायन हुआ है और इन्होंने भाजपा का दामन थामा है। टीएमसी सरकार में पूर्व मंत्री सुवेंदु अधिकारी और राजीब बनर्जी कुछ हैविवेट नेताओं में से हैं जिन्होंने हाल के दिनों में भाजपा का झंडा थामा है। बंगाल विधानसभा चुनाव आठ चरणों में 27 मार्च से शुरू होने वाले है। 29 अप्रैल को अंतिम मतदान होगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पूर्व बर्द्धमान जिले में तृणमूल कांग्रेस को एक और झटका लगा है। कटवा नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन अमर राम ने तृणमूल से नाता तोड़ दिया एवं कोलकाता में जाकर भाजपा में शामिल हो गए। कटवा नगर पालिका एवं कटवा विधानसभा क्षेत्र में वाममोर्चा के शासनकाल में भी दबदबा था। यहां से रवींद्रनाथ चटर्जी कांग्रेस का नेतृत्व करते थे। उस समय अमर राम भी कांग्रेस के साथ थे। रवींद्रनाथ चटर्जी के साथ उनकी काफी घनिष्ठता थी। यही वजह है कि रवींद्रनाथ चेयरमैन थे, तब अमर राम उपचेयरमैन थे। वर्ष 2013 से रवींद्र के साथ अमर की दूरी बढ़ी एवं उन्होंने उपचेयरमैन का पद छोड़ दिया एवं तृकां में शामिल हो गए।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद वर्ष 2015 में कटवा नगरपालिका का चुनाव हुआ। उस चुनाव में अमर राम ने कांग्रेस को हराकर बोर्ड पर कब्जा जमा लिया। तृकां ने अमर राम को चेयरमैन भी बनाया। लेकिन वर्ष 2017 में रवींद्रनाथ चटर्जी भी कांग्रेस छोड़कर तृणमूल के साथ आ गए। उनके तृकां में आते ही फिर से कटवा नगरपालिका की जिम्मेदारी उन्हें दी गई एवं अमर राम को हटाया गया। तब से वे पार्टी के कार्यक्रम से दूर होते गए। हालांकि पार्टी की ओर से उन्हें जिला महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। इस बार के चुनाव में भी तृकां ने कटवा से रवींद्रनाथ चटर्जी को टिकट दिया है। इससे वे नाराज चल रहे थे।