West Bengal : पुलिया की पाइप में डालकर 17 साल की लड़की को जला दिया, सामूहिक दुष्कर्म की आशंका
दिनाजपुर जिले में जली हुई लाश देखकर लोगों हतप्रभ व अवाक है। पुलिया की पाईप में डालकर लाश को अपराधियों ने जला दिया था। पुलिस मौके पर पहुंची तो उस लड़की की पहचान की गई।
कोलकाता, जेएनएन। दक्षिण दिनाजपुर जिले में जली हुई लाश देखकर लोगों हतप्रभ व अवाक है। पुलिया की पाईप में डालकर लाश को अपराधियों ने जला दिया था। पुलिस मौके पर पहुंची तो उस लड़की की पहचान की गई।
कुमारगंज क्षेत्र में पुलिया के नीचे पानी बहने के लिए लगाई गई मोटी पाइप में 17 साल की लड़की की जली हुई लाश मिली। मृतका के परिजनों का कहना है कि ऐसा लगता है कि उसे सामूहिक दुष्कर्म के बाद जलाया गया है। जिले के पुलिस अधीक्षक देवर्षी दत्ता का कहना है कि मृतका के जले हुए शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
मृतका की लाश मिलने के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही कहा जा सकता है कि लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।
मृतका के भाई का कहना है कि वह रविवार दोपहर को पास की दुकान से सामान लेने गई थी, उसके बाद से गायब थी। लड़की की जली हुई लाश मिलने के बाद लोग आक्रोषित है। स्थानीय भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार ने दोषियों को न पकड़े जाने पर आंदोलन की धमकी दी है।