Vande Bharat Mission : 11 साल बाद लंदन से कोलकाता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची एयर इंडिया की सीधी उड़ान
Vande Bharat Mission कोलकाता से 84 यात्रियों को लेकर लंदन के लिए भी एयर इंडिया की पहली उड़ान रवाना। 24 अक्टूबर तक दोनों शहरों के बीच संचालित होगी विमान सेवा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : केंद्र सरकार ने वंदे भारत मिशन के तहत कुछ अवधि के लिए लंदन से कोलकाता के बीच एयर इंडिया की सीधी विमान सेवाएं शुरू की है। इसके तहत पहली उड़ान गुरुवार मध्य रात्रि में 2.20 बजे कोलकाता पहुंची। 11 सालों में यह कोलकाता के लिए पहला मौका है जब लंदन से कोई उड़ान सीधे दमदम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची है।
विमान से कुल 16 भारतीय यात्री यहां आए
इस विमान से कुल 16 भारतीय यात्री यहां आए हैं। वहीं, इतने ही बरसों बाद गुरुवार सुबह 6.20 बजे कोलकाता से 84 यात्रियों को लेकर लंदन के लिए भी एयर इंडिया की पहली उड़ान रवाना हुई।
आरटी- पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट नहीं थी
एयरलाइंस सूत्रों का कहना है कि लंदन से कोलकाता आने की तैयारी कर चुके कई यात्री पहली उड़ान से नहीं आ पाए हैं। इसकी वजह उनके पास कोरोना का आरटी- पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट का नहीं होना था।
कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट होनी चाहिए
बता दें कि राज्य सरकार ने उन्हीं यात्रियों की यात्रा के लिए मंजूरी दी है जिनके पास कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट होगी। ऐसे में कई यात्री यहां नहीं आ पाए। अब अगली उड़ान से वे यहां आएंगे।
24 अक्टूबर तक संचालित होगी विमान सेवा
वहीं कम समय मिलने के कारण भी कइयों ने पहली उड़ान में बुकिंग नहीं की। अब उम्मीद है कि आगे की उड़ानों से यात्रियों की अधिक आवाजाही होगी। कोलकाता व लंदन के बीच यह उड़ान सेवा आगामी 24 अक्टूबर तक सप्ताह में 2 दिन संचालित की जाएगी।
गुरुवार तथा रविवार लंदन को उड़ान भरेगी
कोलकाता से जहां गुरुवार तथा रविवार को लंदन के लिए उड़ान भरेगी, वहीं लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से कोलकाता के लिए बुधवार व शनिवार को उड़ानें संचालित होंगी।
लोगों के लिए आवाजाही में आसानी होगी
गौरतलब है कि करीब 11 साल पहले तक कोलकाता और लंदन के बीच सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध थी, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया था। इस सेवा के शुरू होने से यहां के लोगों को आवाजाही में बहुत आसानी होगी। पहले कोलकाता के लोगों को मुंबई या दिल्ली से होकर लंदन जाना पड़ता था।