केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा- बंगाल की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का भरोसा कभी नहीं टूटेगा
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बनगांव बारासत और बैरकपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बंगाल के भाजपाइयों में उत्साह और विश्वास की कोई कमी नहीं है। वे बंगाल के हर एक व्यक्ति तक केंद्रीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहते हैं।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने बंगाल प्रवास के दौरान बनगांव, बारासत और बैरकपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का भरोसा कभी नहीं टूटेगा। केंद्रीय नेतृत्व हर कदम पर उनके साथ खड़ा है। तीनों स्थानों पर संगठनात्मक बैठक हुई और सभी ने एक परिवार की तरह हालचाल साझा किया। विशेषकर विधानसभा चुनाव के बाद के वातावरण पर विचार-विमर्श हुआ।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बंगाल के भाजपाइयों में उत्साह और विश्वास की कोई कमी नहीं है। वे बंगाल के हर एक व्यक्ति तक केंद्रीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहते हैं। शेखावत ने कहा कि विरोधियों द्वारा हतोत्साहित करने के प्रयास जरूर किए जाते हैं लेकिन भाजपा का प्रत्येक सदस्य पार्टी नेतृत्व पर विश्वास रखता है। बताते चलें कि मार्च-अप्रैल में राज्य में हुए विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने पार्टी की मजबूती के लिए लंबे समय तक यहां जनसंपर्क अभियान चलाया था। चुनाव से कई महीने पूर्व से ही वे लगातार राज्य का दौरा करते रहे और भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरा जोर लगाया। हालांकि भाजपा विधानसभा चुनाव में अपेक्षाकृत प्रदर्शन नहीं कर सकी, बावजूद इसके राज्य में 77 सीटें जीतकर पहली बार मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी।
उल्लेखनीय है कि बंगाल दौरे के दौरान केंद्रीय जलशक्ति मंत्री शेखावत ने शनिवार को यहां पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट का भी दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह इंस्टीट्यूट जल जीवन मिशन को आगे बढ़ाने के लिए फील्ड ऑफिसर्स के साथ-साथ सामुदायिक कौशल विकास में भी बड़ी भूमिका निभाने वाला है।
केंद्रीय मंत्री ने इंस्टीट्यूट में बैठक लेकर यहां की व्यवस्था और संचालन संबंधी जानकारियां लीं तथा संबंधितों को जरूरी सलाह भी दी। शेखावत ने अपने प्रवास के दौरान बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ से भी शिष्टाचार भेंट की थी। राज्यपाल से बंगाल में जल जीवन मिशन की प्रगति पर भी चर्चा की थी।