हुगली जिले में चाचा-चाची पर हमला, राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान पायल चौधरी गिरफ्तार
हुगली जिले के चंदननगर में संपत्ति के विवाद में बाहरी लोगों की मदद से चाचा और चाची पर हमला करने के आरोप में राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान पायल चौधरी सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाताः हुगली जिले के चंदननगर में संपत्ति के विवाद में बाहरी लोगों की मदद से चाचा और चाची पर हमला करने के आरोप में राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान पायल चौधरी सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। विवाद में भागते समय छत से गिरने से एक बाहरी व्यक्ति की मौत की भी सूचना है। आऱोप है कि पायल ने बाहरी गुंडे को बुलाकर अपने चाचा-चाची पर हमला कराया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक चंदननगर पुलिस ने राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान पायल चौधरी, पिता कमल चौधरी, मां कृष्णा चौधरी, भाई सैकत चौधरी, बहन श्रीपर्णा चौधरी और भद्रेश्वर सुभाष पल्ली निवासी बाबुल रॉय नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इन लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 323, 325, 304, 427, 506 और 34 के तहत चंदननगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि पायल चौधरी ने संपत्ति विवाद में बाहर से कुछ गुंडों को बुलाया था। चंदननगर में पायल चौधरी के घर के पास में उनके चाचा श्यामल चौधरी का भी घर है। पायल के परिवार का कुछ समय से चाचा के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है।
आरोप है कि पायल और उसके पिता कमल उन्हें धमकी देते रहते थे, जब पड़ोस के लोग मध्यस्थता करने आते और उन्हें रोकने की कोशिश करते तो बाहर के लोगों की मदद से पायल चौधरी और उनका परिवार धमकी देता था। गुरुवार की रात को पायल चौधरी बाहर के लोगों को लाकर दीवार तोड़ने की कोशिश की, जब उन लोगों ने शोर मचाया और विरोध किया, तो चाची महुआ चौधरी पर हमला किया गया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके चिल्लाने पर पड़ोसी दौड़कर आए और दोनों बाहरी लोगों को पकड़ लिया। एक बाहरी व्यक्ति भागने लगा, तो वह छत से गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।