West Bengal : कोरोना से संक्रमित तृणमूल कांग्रेस के विधायक तमोनाश घोष का निधन
कोरोना पॉजिटिव तृणमूल कांग्रेस विधायक तमोनाश घोष का निधनअस्पताल सूत्रों के मुताबिक मल्टी ऑर्गन फैलियर के कारण उनकी मौत हुई है। वह बंगाल राज्य परिवहन निगम के अध्यक्ष भी थे।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। कोविड-19 से संक्रमित तृणमूल कांग्रेस के विधायक तमोनाश घोष का बुधवार को अस्पताल में निधन हो गया है। 60 वर्षीय घोष मई में कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। वह पिछले एक महीने से यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस पार्टी के विधायक तमोनाश घोष की बुधवार को मौत हो गई है। वो मई महीने के आखिर में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनकी उम्र 60 साल थी। उनका कोविड-19 का इलाज चल रहा था। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक मल्टी ऑर्गन फैलियर के कारण उनकी मौत हुई है। वह बंगाल राज्य परिवहन निगम के अध्यक्ष भी थे। वह फलता विधानसभा क्षेत्र से तीन बार निर्वाचित हुए थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख व्यक्त किया है।
ममता बनर्जी ने ट्वीट करते हुए कहा, 'बहुत बहुत दुखद। 1998 से पार्टी के कोषाध्यक्ष और फलता से तीन बार के विधायक तमोनश घोष आज हमें छोड़ना चले गए हैं। 35 से अधिक वर्षों तक हमारे साथ रहे, वह लोगों और पार्टी के के प्रति समर्पित रहे। उन्होंने अपने सामाजिक कार्यों के माध्यम से बहुत योगदान दिया।' बताते चलें कि बंगाल में कोरोना वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इसकी चपेट में राजनेता भी आने लगे है।
हाल ही में तृणमूल कांग्रेस एक और विधायक सुजित बसु तथा उनके परिवार के सदस्य कोरोना से संक्रमित पाए गए थे।हालांकि उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। बता दें राज्य में रोजाना सैकड़ों लोग पॉजिटिव पाये जा रहे हैं और संक्रमण के चलते मौतों का आंकड़ा भी 580 के पार पहुंच गया है।
तृणमूल विधायक तमोनाश घोष के निधन पर राज्यपाल ने जताया शोक
राज्य ब्यूरो, कोलकाताः कोविड-19 से संक्रमित तृणमूल कांग्रेस के विधायक तमोनाश घोष के निधन पर बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने बुधवार को गहरा दुख जताया। राज्यपाल ने ट्वीट किया, 'फलता से तीन बार के विधायक तमोनाश घोष के निधन से दुखी हूं। वह आने वाले समय में आशाजनक संभावनाओं वाले एक अनुभवी नेता थे। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। उनकी पत्नी, दो बेटियों, दोस्तों और शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।' उल्लेखनीय है कि 60 वर्षीय घोष का बुधवार को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे और कोरोना से भी संक्रमित थे।