भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के घर के पास बमबाजी, तृणमूल नेता पर आरोप
उत्तर 24 परगना के बैरकपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सांसद अर्जुन सिंह के घर के पास बमबाजी हुई है। घटना मंगलवार देर रात की है। आरोप है कि एक के बाद एक 10 बम फोड़े गए थे।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : उत्तर 24 परगना के बैरकपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सांसद अर्जुन सिंह के घर के पास बमबाजी हुई है। घटना मंगलवार देर रात की है। उन्होंने बमबाजी करने का आरोप स्थानीय तृणमूल नेताओं पर लगाया है। अर्जुन सिंह भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के उपाध्यक्ष भी हैं। बुधवार सुबह मीडिया से मुखातिब होकर उन्होंने कहा कि मंगलवार देर रात को स्थानीय तृणमूल नेताओं ने अपराधियों की मदद से उनके घर के ठीक पास बमबाजी की ताकि दहशत का माहौल बन सके। आरोप है कि एक के बाद एक 10 बम फोड़े गए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी उनकी हत्या की योजना बना रही है। इसी के तहत उनकी गाड़ी, घर और उन्हें लक्ष्य का लगातार हमले हो रहे हैं। हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने अर्जुन सिंह के आरोपों को गलत बताया है। सूचना मिलने के बाद मंगलवार रात को भी पुलिस की टीम पहुंची थी और बुधवार सुबह भी बड़ी संख्या में बैरकपुर कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंची। पूरे क्षेत्र की तलाशी ली गई। सीसीटीवी फुटेज देखा गया है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले अर्जुन सिंह के घर के पास इसी तरह से बमबाजी हुई थी।