सियालदह में नकली दूध बनाने वाले कारखाने का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
fake milk making factory. सियालदह में नकली दूध बनाने वाले कारखाने का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने कई लीटर नकली दूध बरामद किया है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। महानगर में दूध के नाम पर जहर बेचने का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले गिरोह काफी सक्रिय हैं। इस बीच, सियालदह में नकली दूध बनाने वाले कारखाने का भंडाफोड़ हुआ है। गोपनीय सूचना के आधार पर की गई छापामारी में कोलकाता पुलिस की प्रवर्तन शाखा (आइबी) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छापामारी के दौरान मौके से पुलिस ने कई लीटर नकली दूध बरामद किया है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनमें से दो के नाम धर्मेंद्र राय (34) और बिंदेश्वरी राय (53) हैं।
आइबी को खबर मिली थी कि सियालदह के एक घर में कई दिनों से नकली दूध बनाने का गोरखधंधा चल रहा है। आइबी ने सियालदह के 157, बैठकखाना रोड स्थित घर में छापामारी कर वहां से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उस समय वे लोग घर में डिटरजेंट, केमिकल, अरारोट व पाउडर दूध मिलाकर नकली दूध बना रहे थे। पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार किया। छापामारी के दौरान मौके से 321 लीटर दूध, 5 किलो डिटरजेंट, 22 किलो अरारोट व केमिकल और 11 किलो दूध पाउडर बरामद किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।
केमिकल युक्त होने की वजह से इस दूध का सेवन काफी खतरनाक है। शुक्रवार को गिरफ्तार लोगों को अदालत में पेश किया गया। पता चला है कि यहां से कई दुकानों में दूध की सप्लाई की जाती थी। इस खुलासे से लोग स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा था। यहां से कई मिठाई दुकानों में दूध की सप्लाई की जाती थी।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही बड़ाबाजार से नकली पाउडर दूध बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ था। उस समय भी गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी और एक युवक को गिरफ्तार किया गया था। मौके से 500 किलो नकली पाउडर दूध जब्त किया गया था।