इस साल पश्चिम बंगाल ने ठंड में बनाए नये रिकॉर्ड
बंगाल में न्यूनतम स्तर पर तापमान पहुंच गया है। इस साल पश्चिम बंगाल ठंड में नये रिकॉर्ड बना रहा है। गिरते तापमान मामले में बंगाल ने दिल्ली को पीछे छोड़ा है।
कोलकाता, जेएनएन। बंगाल में न्यूनतम स्तर पर तापमान पहुंच गया है। इस साल पश्चिम बंगाल ठंड में नये रिकॉर्ड बना रहा है। गिरते तापमान के मामले में बंगाल ने दिल्ली को भी पीछे छोड़ दिया है। गुरुवार को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेंटीग्रेड पर पहुंच गया है जबकि दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेंटीग्रेड पर है।
गुरुवार को अलीपुर स्थित मौसम विभाग के मुताबिक 27 दिसंबर मौसम का सबसे शीतलतम दिन रहा है। इस दिन पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता का तापमान अब तक के सबसे निचले स्तर पर जा पहुंचा है। बुधवार को यहां तापमान 12.6 डिग्री सेंटीग्रेड था जो गुरुवार को 1 डिग्री और घटकर 11.6 डिग्री सेंटीग्रेड पर पहुंच गया है जो अब तक का सबसे न्यूनतम स्तर है।
मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि यह तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम है। इस बारे में मौसम विभाग के पूर्वी क्षेत्रीय उपनिदेशक संजीव बनर्जी ने बताया कि आने वाले एक सप्ताह तक कोलकाता का न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच बना रहेगा।
कोलकाता के अलावा उत्तर बंगाल का तापमान और भी तेजी से नीचे गिरेगा। गुरुवार को दार्जिलिंग का तापमान 3 डिग्री सेंटीग्रेड पर तो पहुंच ही गया है उसके अलावा अधिकतर जिलों में तापमान 10 डिग्री सेंटीग्रेड से नीचे है। हालांकि विभाग की ओर से बताया गया है कि फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से में बर्फबारी की आशंका नहीं है।