West Bengal: कोलकाता नगर निगम में सेवानिवृत्ति के दूसरे दिन ही मिलेगा बकाया पैसा
निगम कर्मियों के लिए परिवहन मंत्री व कोलकाता नगर निगम के प्रशासक फिरहाद हकीम ने बड़ा निर्णय किया। अब से कोलकाता नगर निगम में काम करनेवाले ऐसे कर्मी जो कि रिटायर होंगे उन्हें अगले ही दिन बकाया पैसा मिल जाएगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। निगम कर्मियों के लिए परिवहन मंत्री व कोलकाता नगर निगम के प्रशासक फिरहाद हकीम ने बड़ा निर्णय किया। ‘टॉक टू मेयर’ में निगम प्रशासक ने इसकी जानकारी दी। अब से कोलकाता नगर निगम में काम करनेवाले ऐसे कर्मी जो कि रिटायर होंगे, उन्हें अगले ही दिन बकाया पैसा मिल जाएगा।
दरअसल बकाया राशि के लिए अक्सर ही कर्मियों को पहले काफी परेशानी होती थी। ऐसे में इस घोषणा से निगम कर्मियों को काफी राहत मिल सकेगी। इसके अलावा अगले ही दिन यानी कि दूसरे दिन से ही पेंशन भी शुरू हो जाएगी। यदि ड्यूटी के दौरान किसी की मौत होती है, तो मृतक के परिवार दूसरे दिन ही ऑनलाइन पेंशन व बकाया पैसे के लिए आवेदन कर सकते हैं।
यहां बताते चलें कि केएमसी के ‘टॉक टू मेयर’ शो में मेयर के पास गरिया से एक महिला ने फोन किया और शिकायत की कि एक साल पहले उसके पति का डेंगू से निधन हो गया था। महिला के पति केएमसी में कार्यरत थे, मौत के एक साल बीत जाने के बाद भी बकाया पैसा नहीं मिला।
इस बात पर फिरहाद ने वर्तमान निगम कर्मियों को फटकार लगते हुए, महिला से कहा कि मंगलवार तक उसे उसका पैसा मिल जायेगा। परिवहन मंत्री ने कहा कि केएमसी महानगर के लोगों के लिए सर्मपित है। इसे हर निगम कर्मियों को याद रखना होगा। मेयर ने इस विषय पर निगम के कमिश्नर विनोद कुमार को जांच करने का आदेश दिया।