West Bengal :चाची ने गुस्से में दो साल के भतीजे को अलमारी में कर दिया बंद, छह घंटे बाद मिली लाश
महिला के थप्पड़ मारने से बच्चा हो गया था बेहोश बाद में उसे अलमारी में कर दिया बंद आरोपित महिला गिरफ्तार पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले में घटी घटना
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने दो साल के भतीजे को गुस्से में अलमारी में बंद कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस की छानबीन के बाद 6 घंटे के बाद लाश मिली। शुरुआती जांच में पता चला कि महिला ने ऐसा इसलिए किया कि बच्चे की मां से उसका झगड़ा हो गया था। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया है।
जानकारी के मुताबिक दो महिलाएं ताजमीरा बीबी और शम्पा बीबी के बीच रिश्ते खराब हो गए थे। दोनों पारिवारिक मामलों को लेकर झगड़ती रहती थी। गुरुवार को उनके बीच काफी ज्यादा कहासुनी हो गई। इसके अगले दिन यानी शुक्रवार की दोपहर शम्पा बीबी का बच्चा खेलते समय लापता हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा जांच में पता चला कि ताजमीरा बीबी की अलमारी में बच्चा बंद था, जहां उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी ताजमीरा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, ताजमीरा ने लड़के को थप्पड़ मारा था, क्योंकि वो उसके बेटे के साथ लड़ता था। जब थप्पड़ के बाद वो बेहोश हो गया तो उसने उसे अलमारी में बंद कर दिया। छानबीन के 6 घंटे के बाद लाश मिली। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौत से गांव में तनाव फैल गया और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए एक बड़ी संख्या में पुलिस दल को तैनात करना पड़ा।