राहुल गांधी सिर्फ चुनाव के दौरान 'हिंदू' होने का दावा करते हैं: सुकांत मजूमदार
हिंदू और हिंदुत्ववादी के बीच अंतर वाले बयान पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर साधा निशाना। राहुल ने 2022 में राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले जयपुर में कहा था कि देश हिंदुओं का है हिंदुत्ववादियों का नहीं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा जयपुर की रैली में हिंदू और हिंदुत्ववादी के बीच अंतर को परिभाषित करने वाले बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बंगाल भाजपा के अध्यक्ष व सांसद सुकांत मजूमदार ने राहुल पर निशाना साधा है। मजूमदार ने कहा कि कांग्रेस नेता खुद को हिंदू के रूप तभी पेश करते हैं जब चुनाव नजदीक हो।
दरअसल राहुल ने 2022 में राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले जयपुर में रविवार को महंगाई हटाओ रैली के दौरान कहा था कि देश 'हिंदुओं' का है, 'हिंदुत्ववादियों' का नहीं। उन्होंने कहा था कि मैं हिंदू हूं लेकिन हिंदुत्ववादी नहीं। उनके इसी बयान पर भाजपा नेता ने पलटवार किया। मजूमदार ने कहा- यह हमारी उपलब्धि है कि वह (राहुल) खुद को हिंदू कह रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह (कांग्रेस नेता) खुद को एक हिंदू के रूप में केवल चुनावों के दौरान पेश करते हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि वह राहुल चुनाव के दौरान 'जनेऊ' पहनते हैं। वह मंदिरों में जाते हैं। लेकिन जब चुनाव नहीं होता है तो वह पर्यटन के लिए समुद्र तटों पर जाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल का हिंदुओं से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। मजूमदार ने यह भी कहा कि जो लोग खुद को हिंदू होने का दावा करते हैं वे रामायण के रावण से कम नहीं हैं, जो 'भगवा' कपड़े पहनकर सीता का अपहरण करने आए थे। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल ने जयपुर की रैली में भाजपा पर निशाना साधते हुए 'हिंदू' और 'हिंदुत्ववादी' के बीच अंतर को परिभाषित कर एक नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। भाजपा उनके इस बयान को लेकर हमलावर है।