कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती सौरव गांगुली का हेल्थ अपडेट आया सामने, जानें आक्सीजन स्टेट्स
कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआइ) के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की हालत स्थिर बनी हुई है। गांगुली का कोलकाता के जिस वुडलैंड्स अस्पताल में उपचार चल रहा है उसने बुधवार को यह जानकारी दी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआइ) के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की हालत स्थिर बनी हुई है। गांगुली का कोलकाता के जिस वुडलैंड्स अस्पताल में उपचार चल रहा है उसने बुधवार को यह जानकारी दी। कोविड-19 के लिए आरटी-पीसीआर परीक्षण का नतीजा पाजिटिव आने के बाद गांगुली को एहतियात के तौर पर सोमवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वुडलैंड्स अस्पताल की निदेशक और सीइओ डा रूपाली बसु ने कहा, अस्पताल में भर्ती होने के दूसरे दिन बीसीसीआइ अध्यक्ष सौरव गांगुली की हृदयगति स्थिर
(हायमोडायनामिकली स्टेबल) है, उन्हें बुखार नहीं है और बिना कृत्रिम सहायता के शरीर में आक्सीजन का स्तर 99 प्रतिशत बना हुआ है। उन्होंने कहा, कल (मंगलवार) रात उन्होंने अच्छी नींद ली और आज नाश्ता तथा दोपहर का भोजन किया। गांगुली को सोमवार रात 'मोनोकलोनल एंटीबाडी काकटेल थेरेपीÓ दी गई थी। उन्होंने बताया कि मेडिकल बोर्ड उनके स्वास्थ्य पर करीबी नजर रखे हुए है। बता दें कि गांगुली को इस साल पहले भी दो बार अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है और हृदय से जुड़ी परेशानियों के बाद उनकी आपात एंजियोप्लास्टी भी हुई थी। इसी साल उनके बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली भी कोविड पाजिटिव पाए गए थे।
वैक्सीन की दोनों डोज लगने के बावजूद सौरव को हुआ है कोरोना
बताते चलें कि 49 वर्षीय सौरव को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। इसके बाद भी उन्हें कोरोना हुआ है। सौरव लगातार यात्रा कर रहे थे। बता दें कि सौरव इस साल तीसरी बार अस्पताल में भर्ती हुए हैं। उन्हें इस साल की शुरुआत में दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हृदय से जुड़ी परेशानियों के बाद उनकी आपात एंजियोप्लास्टी कराई गई थी। मालूम हो कि इन दिनों भारत समेत दुनिया भर में कोरोना वायरस के नए ओमिक्रोन वेरिएंट तेजी से फैलने की खबरें आ रही हैं। इस बीच नए साल के आने से ठीक पहले सौरव के कोरोना संक्रमित होने से उनके फैंस भी निराश हैं। लोग उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।