शिवराज का ममता पर वार, कहा-दीदी ने बाहर से उधार में लिया रणनीतिकार
Shivraj Singh Chauhan in Howrah. शिवराज सिंह चौहान ने कहा बंगाल में प्रतिभा कूट-कूट कर भरी हुई है। बंगाल ने देश को कई महान हस्तियां दी हैं।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। प्रशांत किशोर तृणमूल कांग्रेस की 2021 की जीत को सुनिश्चित नहीं कर सकते। तृणमूल द्वारा उन्हें चुनाव सलाहकार नियुक्त करने से कुछ नहीं होने वाला है। क्योंकि जनता ने तय कर लिया है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को लाना है। यहां की जनता तृणमूल की सरकार से मुक्ति चाहती है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रमुख एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ये बातें कहीं। उन्होंने बुधवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी पर कटाक्ष किया।
चौहान ने कहा कि जिस बंगाल के पीछे पूरा देश चलता था आज उस राज्य की मुख्यमंत्री ने चुनावी रणनीति तय करने के लिए अन्य राज्य से सलाहकार उधार लिया है। चौहान ने सवाल किया, कि क्या दीदी को राज्य में कोई सलाह देने वाला नहीं मिला। क्या इस राज्य में प्रतिभाओं की कमी है। उन्होंने 'दीदी के बोलो' अभियान पर भी कटाक्ष किया है। उल्लेखनीय है कि ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव से पहले यह अभियान शुरू किया है जिसके तहत वह लोगों की समस्याएं सुनेंगी। माना जा रहा है कि यह अभियान प्रशांत किशोर के दिमाग की उपज है।
इस पर चौहान ने प्रहार करते हुए कहा कि दीदी तो जनता की सुनती नहीं है। इसलिए उनके अभियान पर जनता बोल रही है कि, दीदी को छोड़ो मोदी को बोलो। भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि पीके की सलाह से दीदी भाजपा की विस्तारक योजनाओं इत्यादि की नकल कर रही हैं, लेकिन इससे कुछ हासिल होने वाला नहीं है। बेहतर होता कि वह पहले से राज्य एवं जनता के कल्याण के लिए काम करती।
बंगाल की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप