'सच्चाई दबाने का प्रयास कर रही TMC', संदेशखाली स्टिंग ऑपरेशन पर क्या बोले बंगाल भाजपा अध्यक्ष मजूमदार?
बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि संदेशखाली पर स्टिंग आपरेशन का वीडियो तृणमूल कांग्रेस द्वारा सच्चाई को दबाने का प्रयास है। मजूमदार ने वीडियो जारी करने के समय पर भी सवाल उठाया और दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस अपने निलंबित नेता शाहजहां शेख को क्लीन चिट देने के लिए इसका इस्तेमाल करेगी।बालुरघाट के सांसद मजूमदार ने कहा कि संदेशखाली के 600-700 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि संदेशखाली पर स्टिंग आपरेशन का वीडियो तृणमूल कांग्रेस द्वारा सच्चाई को दबाने का प्रयास है। मजूमदार ने वीडियो जारी करने के समय पर भी सवाल उठाया और दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस अपने निलंबित नेता शाहजहां शेख को क्लीन चिट देने के लिए इसका इस्तेमाल करेगी।
वीडियो में किया गया है ये दावा?
कथित वीडियो में भाजपा मंडल अध्यक्ष गंगाधर कयाल होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति को यह कहते हुए सुना गया है कि बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी पूरी साजिश के पीछे हैं। महिलाओं को पैसे देकर टीएमसी नेताओं के खिलाफ यौन शोषण के आरोप लगाए गए हैं।
मजूमदार ने वीडियो को बताया फर्जी
मजूमदार ने कहा कि स्टिंग आपरेशन उस समय क्यों किया गया जब चुनाव चल रहा है? बंगाल के लोगों को बेवकूफ बनाना इतना आसान नहीं होगा। वे यह समझने के लिए राजनीतिक रूप से काफी परिपक्व हैं कि इस समय वीडियो क्यों जारी किया गया है। मजूमदार ने कहा कि वीडियो फर्जी है और संदेह है कि इसे बनाने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल किया गया है।
600-700 लोगों ने दर्ज कराई है शिकायत- मजूमदार
बालुरघाट के सांसद मजूमदार ने कहा कि संदेशखाली के 600-700 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के दावों को छोड़कर केवल एक व्यक्ति के कथित आरोप को क्यों स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब भी दुष्कर्म की कोई घटना होती है तो टीएमसी नेता पीड़िता के चरित्र का हनन करना शुरू कर देते हैं।
मुख्यमंत्री संदेशखाली क्यों नहीं गईं? मैं उन्हें वहां जाने की चुनौती देता हूं और हम उन्हें दिखाएंगे कि शाहजहां के नेतृत्व में भूखंडों को मछली फार्म में कैसे बदल दिया गया। हमने केंद्रीय एजेंसियों को वहां एक घर से हथियार और गोला-बारूद का पता लगाते हुए भी देखा है।