बगावती तेवर: बंगाल भाजपा के असंतुष्ट नेताओं ने फिर मनाया पिकनिक
इस पिकनिक में भी पार्टी से नाराज चल रहे बनगांव से भाजपा सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर शामिल हुए। पिकनिक में गायघाट से विधायक सुब्रत ठाकुर समेत देवदास मंडल व अन्य नेता भी शामिल थे। ये सभी मतुआ समुदाय से हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में भाजपा की प्रदेश व जिला इकाई में हाल में सांगठनिक फेरबदल के बाद से कई नेता, सांसद और विधायक पार्टी से नाराज चल रहे हैं। बड़ी संख्या में असंतुष्ट नेता व कई विधायक बगावती तेवर दिखाते हुए पार्टी का वाट्सऐप ग्रुप तक छोड़ चुके हैं। इन सबके बीच असंतुष्ट नेता पिकनिक पर पिकनिक भी कर रहे हैं। इसी क्रम में पार्टी से नाराज चल रहे नेताओं व विधायकों ने उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव के बाद अब गोबरडांगा में रविवार को पिकनिक का आयोजन किया।
इस पिकनिक में भी पार्टी से नाराज चल रहे बनगांव से भाजपा सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर शामिल हुए। पिकनिक में गायघाट से विधायक सुब्रत ठाकुर समेत देवदास मंडल व अन्य नेता भी शामिल थे। ये सभी मतुआ समुदाय से हैं। इसके अलावा और भी कई असंतुष्ट नेता पिकनिक में मौजूद थे। वहीं, इस पिकनिक के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करना सांसद का काम है। सांसद अपने क्षेत्र में पिकनिक कर ही सकते हैं।
वहीं, नई राज्य कमेटी के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा कि वे इस विषय पर पहले ही बोल चुके हैं, फिलहाल कुछ नहीं कहेंगे। बता दें कि वाट्सऐप ग्रुप छोड़ने वालों में शांतनु ठाकुर भी शामिल हैं और वह असंतुष्ट नेताओं की अगुवाई कर रहे हैं। पिछले सप्ताह उनकी अगुवाई में उनके संसदीय क्षेत्र बनगांव में भी पिकनिक का आयोजन किया गया था जिसमें नई कमेटी से निकाले गए भाजपा के प्रदेश स्तर के कई नेता शामिल हुए थे। इससे पहले शांतनु ठाकुर ने नाराज नेताओं के साथ कोलकाता में बैठक भी की थी।
इधर, इस पिकनिक पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजुमदार ने कहा कि कोई सांसद अपने क्षेत्र में पिकनिक कर ही सकता है। इसमें कुछ नया नहीं है। अगर हमें बुलाया जाता है तो हम भी जाएंगे।गौरतलब है कि पिछले साल राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद से ही प्रदेश भाजपा में घमासान मचा हुआ है। कई विधायक व नेता पार्टी भी छोड़ चुके हैं। वहीं जो बचे विधायक हैं उनमें से कई में असंतोष देखा जा रहा है। प्रदेश भाजपा में असंतोष तब और अधिक सामने आने लगा जब पिछले महीने प्रदेश व जिला स्तर पर बड़ा सांगठनिक फेरबदल किया गया था।