West Bengal Assembly Election 2021: ममता से मिले तेजस्वी, टीएमसी को दिया पूर्ण समर्थन; कहा-बंगाल में भाजपा को सत्ता में आने से रोकेंगे
West Bengal Assembly Election 2021 ममता के साथ बैठक के बाद तेजस्वी ने चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। सोमवार को ही उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा की है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को कोलकाता में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। ममता के साथ बैठक के बाद तेजस्वी ने चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। सोमवार को ही उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा की है। तेजस्वी ने कहा कि हमारे ममता दीदी के साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का ममता जी को पूर्ण समर्थन करने का निर्णय है। उनके मुताबिक, बंगाल में हमारी पहली प्राथमिकता भाजपा को सत्ता में आने से रोकना है।
उन्होंने कहा कि बंगाल में हिंदीभाषियों की बड़ी तादाद है। खासकर बिहार व यूपी से बहुत लोग यहां है। हम पूरी ताकत के साथ ममता जी के साथ हैं। राजद का तृणमूल को पूरा समर्थन है। जहां भी जरूरत होगी हम पूरा सहयोग करेंगे। हमारी पहली कोशिश भाजपा को यहां पर बढऩे से रोकना है। उन्होंने यहां तक कहा कि ममता जी की लड़ाई मेरी लड़ाई है। तृणमूल को जिताने में हम पूरी ताकत लगाएंगे।
ममता ने जताया तेजस्वी का आभार
इधर, ममता ने समर्थन के लिए तेजस्वी व राजद का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हम लड़ रहे हैं तो तेजस्वी लड़ रहे हैं। अगर तेजस्वी लड़ रहे हैं तो हम लड़ रहे हैं। यह संदेश भाजपा को जाना चाहिए। ममता ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में आपकी सरकार नहीं टिकेगी। फिर वहां राजद की सरकार बनेगी। बंगाल में भी भाजपा को कुछ नहीं मिलने वाला है।
ममता को राजद के समर्थन से वाम-कांग्रेस गठबंधन को लगा झटका
इधर, तेजस्वी द्वारा ममता को समर्थन की घोषणा से बंगाल में वाम-कांग्रेस गठबंधन को झटका लगा है। दरअसल, वाम-कांग्रेस गठबंधन ने हाल में कहा था कि बंगाल चुनाव में राजद का उन्हें समर्थन मिलेगा। लेकिन तेजस्वी ने ममता से बैठक के बाद साफ कर दिया कि राजद, तृणमूल के साथ है।
यह मूल्यों की लड़ाई है
वहीं, तेजस्वी ने भगवा दल पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी का मतलब बड़का झूठा पार्टी है। भाजपा केवल झूठ, भ्रम व नफरत फैलाने एवं देश को तोडऩे का काम कर रही है। यह मूल्यों की लड़ाई है। देश में संविधान को बचाना है। भाजपा का सपना बंगाल में पूरा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों से अपील करते हैं कि वह तृणमूल का समर्थन दें।
बिहार में चोर दरवाजे से भाजपा सत्ता में आई
तेजस्वी ने आगे कहा कि बिहार में चोर दरवाजे से भाजपा में सत्ता में आई। कोई काम बिहार में नहीं हुआ है। जितने भी केंद्रीय मंत्री हैं, वह अपना काम छोड़कर बंगाल में घूम रहे हैं। देश की सरकारी कंपनियों को बेचा जा रहा है। केवल झूठ, भ्रम व नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। वहीं, ममता को समर्थन पर बिहार में कांग्रेस के साथ राजद के गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर तेजस्वी ने कहा कि इसपर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।