Pulwama terror attack: भाजपा ने अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रम रद्द किए
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकवादी हमले के बाद भाजपा ने शुक्रवार को आयोजित होने वाले अपने सभी राजनीति कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है।
कोलकाता, जेएनएन। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकवादी हमले के बाद भाजपा ने शुक्रवार को आयोजित होने वाले अपने सभी राजनीति कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। आज प्रदेश भाजपा मुख्यालय में अपरान्ह 3 बजे प्रदेश महासचिव सायंतन बसु संवाददाता सम्मेलन करने वाले थे, लेकिन पार्टी की ओर से इसे रद्द कर दिया गया।
पश्चिम बंगाल में 'मेरा परिवार भाजपा परिवार' के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं के घरों में झंडा फहराने का कार्यक्रम चल रहा है, लेकिन आज यह कार्यक्रम भी रद रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित पार्टी के सभी नेताओं ने शुक्रवार को होने वाले अपने राजनीतिक कार्यक्रम रद कर दिए हैं।
गौरतलब है कि गुरुवार को हुए आतंकी हमले में लगभग 40 जवान शहीद हो गए जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। भाजपा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा है कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। मोदी सरकार सूद के साथ इसका हिसाब लेगी। इस दिन भाजपा ने देश भर में अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को रद कर दिया है।