कोलकाता के भाटपाड़ा में तृणमूल नेता पर चली गोली से गरमाई राजनीति
असीम राय भाटपाड़ा में तृणमूल कांग्रेस के संयोजक हैं और इलाके में उनकी काफी पकड़ मानी जाती है। पुलिस पूरे मामले की जांच शुरू की है। राय का भाटपाड़ा इलाके में ही घर है। नीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक नेता पर गोली चलाई गई जिसमें वह बाल-बाल बच गए।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। महानगर से सटे उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा इलाका फिर अशांत हो गया। बुधवार को यहां स्थानीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक नेता पर गोली चलाई गई जिसमें वह बाल-बाल बच गए। घटना भाटपाड़ा थाने से कुछ ही दूरी पर हुई है। पीड़ित टीएमसी नेता का नाम असीम राय है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, असीम राय भाटपाड़ा में तृणमूल कांग्रेस के संयोजक हैं और इलाके में उनकी काफी पकड़ मानी जाती है। पुलिस पूरे मामले की जांच शुरू की है। राय का भाटपाड़ा इलाके में ही घर है।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह वह घर से निकलकर पार्टी कार्यालय जा रहे थे। वह टोटो को पकड़ने के लिए घर के सामने खड़े थे। कथित तौर पर उसी समय तीन युवक मोटर साइकिल लेकर आए थे। एक बाइक पर दो और दूसरी बाइक पर एक युवक सवार थे। उनमें से प्रत्येक के हाथ में एक बंदूक थी। उन्होंने पीछे से आकर असीम पर फायरिंग कर दी और धक्का मार कर गिरा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार असीम का सिर फट गया। जब वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े तो स्थानीय लोगों ने उन्हें उठाया। खबर मिलते ही पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी चले आये और अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। उन्होंने घटना को लेकर भाजपा पर उंगली उठाई है और इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
हालांकि भाजपा ने उनके आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि घटना से उसका कोई लेना देना नहीं है। वहीं, राय ने कहा, मुझे वार्ड सात और आठ की जिम्मेदारी दी गई है। मैंने यहां से भाजपा को बाहर कर दिया है। इसलिए वे लंबे समय से मुझसे नाराज हैं। मैं रोज साढ़े सात या आठ बजे घर से निकलकर पार्टी आफिस जाता हूं। मैं सुबह भी जा रहा था। सवा आठ बजे थे। मैं टोटो को पकड़ने के लिए खड़ा हुआ। उन्होंने पीछे से हमला किया। वे सभी मोटरसाइकिल पर आये थे।
भाटपाड़ा थाने से कुछ दूरी पर ही चली गोली
तृणमूल के एक अन्य कार्यकर्ता ने कहा, असीम दा यहां हमारे लिए एक परिचित व्यक्ति हैं। वह काफी लोकप्रिय है। विभिन्न सामाजिक कार्यों में संलग्न हैं। आज उन पर हमला किया गया। हमने गोली पुलिस को सौंप दी है। मौके से एक मोटर साइकिल भी बरामद हुई है। उसी मोटर साइकिल पर बदमाश आए थे। उनमें से प्रत्येक के हाथ में एक बंदूक थी। उसने तमंचे से उनके सीने में गोली मारने की कोशिश की। असीम दा ने धक्का दिया और भागने की कोशिश की, फिर उनकी पीठ में गोली मार दी। भाटपाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह घटना भाटपाड़ा थाने से कुछ दूरी पर ही घटी।