भाजपा सांसद सौमित्र खां के नेतृत्व में निकाली गई बाइक रैली को पुलिस ने रोका, सांसद बोले- बंगाल में नहीं है कानून व्यवस्था
पुलिस द्वारा बाइक रैली को रोके जाने से बाद भाजपा सांसद सौमित्र खां ने राज्य सरकार को पुलिस प्रशासन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था बोलकर अब कुछ रहा नहीं है। मुख्यमंत्री हारने के डर से यह सब कर रही हैं।
कोलकता, राज्य ब्यूरो। बंगाल के हुगली जिले में उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के कोन्नगर इलाके में शनिवार को भाजपा सांसद व भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष सौमित्र खां के नेतृत्व में निकाली गई बाइक रैली को पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद भाजपा एवं तृणमूल कर्मियों के बीच झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि वहां पहले से भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हो पाई।
वहीं, पुलिस द्वारा बाइक रैली को रोके जाने से बाद भाजपा सांसद सौमित्र खां ने राज्य सरकार को पुलिस प्रशासन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था बोलकर अब कुछ रहा नहीं है। मुख्यमंत्री हारने के डर से यह सब कर रही हैं।
दरअसल, शनिवार सुबह कोन्नगर के जोड़ा पुकुर इलाके से भाजपा की ओर से बाइक रैली निकाले जाने की बात थी। इधर, रैली के पहले ही पुलिस के जवानों ने इलाके को घेर रखा था। एक तरफ भाजपा की रैली को पुलिस ने जहां रोक दी, तो दूसरी ओर इस रैली के खिलाफ वहां सड़कों के किनारे से पहले से जुटे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा गो बैक के नारे लगाए। इसको लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव और बढ़ गया।
हालांकि पुलिस की मौजूदगी के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। भाजपा की यह बाइक रैली कोन्नगर से निकल कर चांपदानी तक जाने की बात थी। लेकिन पुलिस द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के कारण रैली को श्रीरामपुर भाजपा कार्यालय तक ले जाकर समाप्त किया गया। इस बाइक रैली में श्रीरामपुर जिला संगठनिक भाजपा के अध्यक्ष श्यामल बोस, उत्तरपाड़ा के विधायक एवं हाल में तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए प्रबीर घोषाल, प्रदेश भाजपा के नेता कबीर शंकर बसु, हुगली ज़िले की भाजपा नेत्री शशि सिंह, युवा नेता निर्भय राय उर्फ राजू आदि के साथ बड़ी संख्या में भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।