Bengal Weather: बंगाल में गर्मी से बेहाल लोग, आठ जून तक राज्य में आ सकता है मानसून
22 के बाद दक्षिण बंगाल में और बढ़ सकती है गर्मी आठ जून तक बंगाल में आ सकता है मानसून पिछले पांच दिनों में कोलकाता का तापमान लगभग पांच डिग्री बढ़ा है और रोजाना ही तापमान में वृद्धि हो रही है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। चिलचिलाती धूप और पसीने भरी गर्मी ने कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सुबह से ही सूरज पूरी तेजी के साथ निकल रहा है और दोपहर होते- होते जैसे सूरज की किरणें आग बरसा रही हैं। लॉकडाउन तो है ही, लेकिन इसके साथ ही भीषण गर्मी भी एक कारण है कि दोपहर में सड़कें पूरी तरह सुनसान हो जा रही हैं और केवल जरूरी काम से ही लोग निकल रहे हैं। पिछले पांच दिनों में कोलकाता का तापमान लगभग पांच डिग्री बढ़ा है और रोजाना ही तापमान में वृद्धि हो रही है।
महानगर में 38 डिग्री सेल्सियस तक है गर्मी
बुधवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो स्वाभाविक से 2 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटों में कोलकाता का सर्वाधिक तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो स्वाभाविक से 3 डिग्री अधिक है। पांच दिनों में महानगर में पांच डिग्री तापमान बढ़ा है। बुधवार को हवा में सर्वाधिक आर्द्रता 89 फीसद और न्यूनतम आर्द्रता 47 फीसद दर्ज की गयी। पिछले 24 घंटों में बारिश नहीं हुई और मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मिल सकती है थोड़ी राहत
अलीपुर मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि उत्तर व दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं जिससे कुछ समय के लिए राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरदुआर और दक्षिण बंगाल के बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, पूर्व और पश्चिम बर्द्धमान, पुरुलिया, बांकुड़ा, उत्तर 24 परगना जिलों में हल्की बारिश के साथ हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही 30-40 कि.मी. की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। गुरुवार तक ऐसा ही मौसम उक्त जिलों में बना रह सकता है।
22 के बाद कुछ और बढ़ सकती है गर्मी
अलीपुर मौसम विभाग के निदेशक जीके दास ने बताया कि 22 तारीख के बाद गर्मी कुछ और बढ़ सकती है। 22, 23 और 24 तारीख को तापमान में लगातार एक –एक डिग्री कर वृद्धि की संभावना है। वहीं 23 तारीख तक मध्य बंगाल की खाड़ी और आस-पास के इलाकों में निम्न दबाव बनने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कोलकाता का तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
सुंदरवन से टकरा सकता है चक्रवात
इधर, सूत्रों का कहना है कि राज्य में एक बार फिर चक्रवात के आने की संभावना है। पूर्व- मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव तैयार हुआ है जो चक्रवात में बदल सकता है। मौसम विभाग के सूत्रों ने बताया कि ये चक्रवात सुंदरवन से टकरा सकता है। सुंदरवन से टकराने के बाद ये चक्रवात बांग्लादेश की ओर जा सकता है। रविवार को इस चक्रवात के टकराने की संभावना है जिसका नाम ‘यश’ है।
आठ जून तक राज्य में आ सकता है मानसून
अलीपुर मौसम विभाग के सूत्रों ने बताया कि अन्य बार की तुलना में कुछ पहले ही इस बार देश में बारिश आयेगी। केरल में इस महीने के अंत तक मानसून आने की संभावना है जबकि पश्चिम बंगाल में आठ जून तक मानसून आ सकता है।