नदी से बरामद हुआ वृद्धा का शव
दक्षिण 24 परगना जिले के पाथरप्रतिमा थानांतर्गत दुर्गाचंट्टी ग्राम पंचायत के पश्चिम सुरेंद्रनगर इलाके में नदी से एक वृद्धा का शव बरामद हुआ।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के पाथरप्रतिमा थानांतर्गत दुर्गाचंट्टी ग्राम पंचायत के पश्चिम सुरेंद्रनगर इलाके में नदी से एक वृद्धा का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की शिनाख्त सरोजिनी दास के रूप में हुई है। वह इसी इलाके की वाशिंदा थी। स्थानीय कुछ लोगों का आरोप है कि सरोजिनी की छोटी बहू ने ही उनकी हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया। पुलिस ने संदिग्ध हालत में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सरोजिनी की दो बेटियां और तीन बेटे हैं। पति की पहले ही मौत हो चुकी है। बेटियों की भी शादी हो चुकी है। सरोजिनी अपने छोटे बेटे शक्तिपद दास और बहू सुभाषिनी के साथ रहती थीं। आरोप है कि सुभाषिनी सास पर काफी अत्याचार करती थी। छोटी-छोटी बात पर उन्हें प्रताड़ित करती थी। शुक्रवार को शक्तिपद कीर्तन करने सिलीगुड़ी गया था। इसी का लाभ उठाकर सुभाषिनी ने अपनी सास की गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर गले में कपड़ा बांधकर शव को नदी में फेंक दिया। बाद में स्थानीय लोगों की नजर नदी में उतराते सरोजिनी के शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। लोगों का यह भी आरोप है कि उन्होंने सुभाषिनी को शक के आधार पर पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की उसने सास की हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बावजूद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए काकद्वीप भेजा गया है।