जन्माष्टमी के मौके पर बंगाल के राज्यपाल धनखड़ ने ममता सरकार को याद कराए कृष्ण के उपदेश
कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को ममता बनर्जी सरकार को कृष्ण का उपदेश याद दिलाते हुए कहा कि धर्म की रक्षा के लिए लड़ना जरूरी है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को ममता बनर्जी सरकार को कृष्ण का उपदेश याद दिलाते हुए कहा कि धर्म की रक्षा के लिए लड़ना जरूरी है।
राजपाल ने ट्वीट किया, 'जन्माष्टमी के मौके पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। इस मौके पर हमें भगवान कृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेश को ध्यान में रखा जाना चाहिए। कृष्ण ने अर्जुन से कहा था कि अगर तुम धर्म के लिए नहीं लड़ पाए तो अपने कर्तव्य से चूक जाओगे, अपनी प्रतिष्ठा खो दोगे और पाप का भागी बनोगे। इसी तरह बंगाल में लोकतंत्र, मानवाधिकार और कानून का शासन लागू करने के लिए लड़ना जरूरी है।'
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल धनखड़ और ममता बनर्जी सरकार के बीच विभिन्न मुद्दों पर टकराव जारी है। राज्यपाल अक्सर राज्य सरकार पर ट्विटर के जरिए निशाना साधते आ रहे हैं। इधर, मंगलवार को बंगाल में भी जन्माष्टमी का त्योहार श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। कोरोना संकट के कारण लोग अपने घरों में ही जन्माष्टमी मना रहे हैं।