नुसरत-निखिल के विवाह को लेकर चल रहे विवाद पर चढ़ा राजनीतिक रंग, भाजपा बोली-सांसद ने सदन में झूठ बोला??
टॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत जहां व व्यवसायी निखिल जैन के विवाह को लेकर चल रहे विवाद पर राजनीतिक रंग चढ़ गया है। भाजपा ने नुसरत पर अपने विवाह को खुशहाल अंतर-जातीय विवाह बताकर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : टॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत जहां व व्यवसायी निखिल जैन के विवाह को लेकर चल रहे विवाद पर राजनीतिक रंग चढ़ गया है। भाजपा ने नुसरत पर अपने विवाह को खुशहाल अंतर-जातीय विवाह बताकर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया है। भाजपा के आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया है जिसमें नुसरत लोकसभा में सांसद पद की शपथ लेती दिख रही हैं। उनकी मांग में सिंदूर लगा हुआ है।
मालवीय ने लिखा कि नुसरत जहां रूही जैन के व्यक्तिगत जीवन से किसी को कुछ लेना-देना नहीं है। वे विवाहित हैं या किसी के साथ लिव-इन में रह रही हैं, इससे किसी को कोई सरोकार नहीं है लेकिन वह एक निर्वाचित प्रतिनिधि भी हैं और संसद में यह बात आधिकारिक तौर पर दर्ज है कि उन्होंने निखिल जैन से शादी की है। क्या उन्होंने सदन में झूठ बोला था?
वहीं बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि नुसरत जहां ने खुद को विवाहित बताकर वोट मांगा था। उन्होंने अपनी विवाहित बंगाली महिला की छवि तैयार की थी और उसके जरिए चुनाव जीता था। उन्होंने जनता के साथ धोखाधड़ी की है। इसके जवाब में तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि नुसरत जहां अच्छी तरह से स्थापित हैं और पेशेवर हैं। उनके व्यक्तिगत जीवन के कुछ मुद्दे प्रकाश में आ गए हैं, जिसका पार्टी व संगठन से कोई लेना-देना नहीं है, हालांकि पार्टी इस प्रकरण पर करीब से नजर रख रही है।
भाजपा को इन सब चीजों को लेकर राजनीति नहीं करनी चाहिए अगर वरना वह परेशानी में आ जाएगी। कुछ तृणमूल नेताओं का मानना है कि इस तरह की चीजें वांछित नहीं हैं लेकिन इसकी वजह से संसद की सदस्यता खत्म हो सकती है। नुसरत को इस मसले का शांतिपूर्ण तरीके से समाधान करना चाहिए।
इस बीच नुसरत जहां के गर्भधारण वाली तस्वीर सामने आई है। इसमें वे टॉलीवुड अभिनेत्री श्राबंती व तनुश्री के साथ दिख रही हैं। वे दोनों नुसरत की काफी अच्छी दोस्त हैं।