मुर्शिदाबाद : लालबाग इलाके में पंपिंग स्टेशन से क्लोरीन गैस लीक होने से 16 लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती
गैस के कारण वहां काम कर रहे और आसपास के 16 लोगों की तबीयत बिगडऩे लगी। दुर्गंध के कारण आसपास के लोग अपने अपने घर छोडकर भागने लगे। मुर्शिदाबाद थाने की पुलिस और दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंची। गैस की चपेट में आए लोगों को अस्पताल ले जाया गया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाताः मुर्शिदाबाद जिले के लालबाग इलाके में जल आपूर्ति करने वाला पंपिंग स्टेशन से क्लोरीन गैस के रिसाव होने जाने से 16 लोग बीमार हो गए। उन सभी को लालबाग अनुमंडल अस्पताल और मुर्शिदाबाद मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर मिलने के बाद दमकल और पुलिस कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन इलाके पर नजर रखे हुए है। घटना के बाद से लोग आतंकित हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक मुर्शिदाबाद पालिका के वार्ड सात स्थित ओल्ड रजिस्ट्री जंक्शन के पीएचई पंपिंग स्टेशन में सोमवार को गैस का रिसाव हुआ। पंप स्टेशन की हालत काफी समय से खराब थी। सोमवार को पंप बदलने का काम चल रहा था। उसी समय अचानक क्लोरीन गैस सिलेंडर से गैस लीक हो गई। गैस के कारण वहां काम कर रहे और आसपास के 16 लोगों की तबीयत बिगडऩे लगी। दुर्गंध के कारण आसपास के लोग अपने अपने घर छोडकर भागने लगे। मुर्शिदाबाद थाने की पुलिस और दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंची। गैस की चपेट में आए लोगों को अस्पताल ले जाया गया।
मुर्शिदाबाद नगर पालिका अध्यक्ष ललिता दास नंदी ने घटनास्थल का दौरा किया। वहीं तृणमूल कांग्रेस नेता व जिला समिति के अध्यक्ष शाओनी सिंह राय समेत कई शीर्ष नेताओं ने अस्पताल जाकर पीड़ितों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। शाओनी सिंह ने कहा कि पानी की टंकी को तोडऩे और नई टंकी लगाने का काम चल रहा है। उसी समय गैस रिसाव हो गया। 16 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो को इलाज के लिए बहरामपुर रेफर कर दिया गया है। प्रभावित क्षेत्र को खाली कर दिया गया है। क्लोरीन से भरेगैस सिलेंडर को घटनास्थल से दूर हटा दिया गया। एसडीओ सुदीप घोष ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।