तृणमूल-भाजपा की झड़प में प्रवासी की मौत, आक्रोशित भीड़ ने पुलिस वाहन में की तोड़फोड़
श्रमिक का शव जैसे ही पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन के चस्माइलपुर पहुंचा भाजपा समर्थक आक्रोशित हो उठे और पुलिस की गाड़ियों पर लाठियों से हमला बोल दिया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: तृणमूल-भाजपा के बीच हुई हिंसक झड़प में एक प्रवासी श्रमिक पवन जाना की मौत हो गई। श्रमिक का शव जैसे ही पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन के चस्माइलपुर पहुंचा भाजपा समर्थक आक्रोशित हो उठे और पुलिस की गाड़ियों पर लाठियों से हमला बोल दिया। वैन पर पथराव शुरू हो गया जान बचाने के लिए पुलिस क्रमियों को मौके पर वैन छोड़कर भाग गए। बताते चलें कि तीन दिन पहले दांतन के चकस्माइलपुर में तृणमूल और भाजपा के बीच प्रधान मंत्री आवास योजना के घर को लेकर विवाद शुरू हो गया।
भाजपा का आरोप है कि समस्या का अस्थाई रूप से समाधान हो गया था, लेकिन तृणमूल ने उसी दिन देर शाम को अचानक भाजपा समर्थकों पर हमला बोल दिया। जिसमें पवन जान, जो अभी मुंबई लौटा था, अन्य लोगों के साथ घायल हो गया था। गुरुवार दोपहर कोलकाता के एक अस्पताल में उसकी मौत हो गई। हालांकि तृणमूल ने आरोपों से इन्कार करते हुए भाजपा को जिम्मेदार बता दिया। मृत पवन जान का घर दांतन के कुशमी गांव में है। पवन मुंबई के एक होटल में काम करता था। कोरोना और लॉकडाउन की वजह से घर आ गया था। वह यहां आने के बाद भाजपा के गृह संपर्क अभियान में शामिल हो गए।
इसके बाद पवन तृणमूल-भाजपा की झड़प में मारा गया। पवन के घर में उसके माता-पिता, पत्नी और 6 माह का एक बेटा है। शनिवार को कोलकाता से पश्चिम मेदिनीपुर जब पवन का शव पहुंचा तो के भाजपा कार्यालय में उसके पार्थिव शरीर को रखा गया। वहां पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। वहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, भाजपा के प्रदेश नेता सायंतन बसु समेत कई नेता मौजूद थे।