जनसभा में ममता बनर्जी ने भाजपा को दी तीखी चुनौती, हिम्मत है तो मुझे गिरफ्तार करके दिखाए
Bengal assembly elections ममता ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा तृणमूल विधायकों को पैसा देकर पार्टी बदलने का लगातार दबाव बना रही है। ममता ने इस दौरान कहा कि वह अंतिम दम तक भाजपा के खिलाफ लड़ती रहेंगी।
कोलकाता , राज्य ब्यूरो। बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को एक बार फिर करारा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा झूठ का कचरा है और वह देश के लिए सबसे बड़ा अभिशाप है। बांकुड़ा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता ने भाजपा को यह भी चुनौती दी कि यदि उसमें हिम्मत है तो वह मुझे गिरफ्तार करके दिखाएं, मैं जेल से ही तृणमूल की जीत सुनिश्चित करूंगा।
ममता ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा तृणमूल विधायकों को पैसा देकर पार्टी बदलने का लगातार दबाव बना रही है। ममता ने इस दौरान कहा कि वह अंतिम दम तक भाजपा के खिलाफ लड़ती रहेंगी।
बताते चलें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस महीने की शुरुआत में बांकुड़ा जिले के दौरे के बाद तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी रविवार से बांकुड़ा में डेरा डाले हुई हैं। मंगलवार को उन्होंने बांकुड़ा में प्रशासनिक बैठक भी की थी और कई घोषणाएं की थी।
बंगाल अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी कड़ी में राज्य की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को बांकुड़ा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर करारा हमला बोला। ममता ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह पैसे का लालच देकर तृणमूल विधायकों को पार्टी बदलने के लिए कह रही है।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि भाजपा उनके विधायकों को धन का प्रलोभन दे रही है, ताकि वे पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लें। उन्होंने यह भी चुनौती दी कि अगर भाजपा में हिम्मत है, तो वह मुझे गिरफ्तार कराए। मैं जेल से भी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करूंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा झूठ का पुलिंदा और राष्ट्र का सबसे बड़ा अभिशाप है।