वामो-कांग्रेस ने संयुक्त जुलूस निकाल मनाया देश प्रेम दिवस
- नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ एकजुटता दिया संदेश - ममता-मोदी पर साधा निशाना कहा दोन
- नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ एकजुटता दिया संदेश
- ममता-मोदी पर साधा निशाना, कहा, दोनों कर रहे हैं बांटने की सियासत
जागरण संवाददाता, कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 124वीं जयंती को देश प्रेम दिवस के रूप मनाते हुए वामो-कांग्रेस ने संयुक्त जुलूस निकाल राज्य की जनता से एकजुट हो नागरिकता संशोधन कानून व राष्ट्रीय नागरिक पंजी के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने की अपील की। महानगर के सुबोध मल्लिक स्क्वायर से रेड रोड तक निकले इस जुलूस का नेतृत्व वाममोर्चा अध्यक्ष विमान बोस और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने किया। इस दौरान जुलूस में वरिष्ठ माकपा नेता व पूर्व सांसद मो. सलीम समेत भारी संख्या में वामो-कांग्रेस कार्यकर्ता व समर्थकों ने हिस्सा लिया। मौके पर मीडिया कर्मियों से मुखातिब हुए वाममोर्चा अध्यक्ष विमान बोस ने कहा कि मौजूदा सियासी संकट की स्थिति में आज हमारे सामने नेताजी एक उम्मीद की किरण की तरह हैं। उन्होंने आजादी को एकजुटता का संदेश दिया था और आज हम केंद्र की मोदी सरकार के नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिक पंजी के खिलाफ लड़ाई में लोगों को एकजुट होने की अपील कर रहे हैं, ताकि इस काले कानून को वापस लेने को केंद्र सरकार को मजबूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि तृणमूल और भाजपा दोनों ही जाति व धर्मगत विभाजन की सियासत कर रहे हैं। जिसे हम किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने देंगे। इसके खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है। उन्होंने कहा कि मोदी-ममता मिलकर राज्य व देश की जनता को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे अब यहां के लोग भी समझ गए हैं। वरिष्ठ माकपा नेता व पूर्व सांसद मो. सलीम ने कहा कि जिस प्रकार से केंद्र की मोदी सरकार नागरिकता संशोधन कानून के जरिए देश व राज्य को बांटने पर आमादा है, उसे रोकने को लोगों में देश प्रेम की भावना जागृत करने को हम जुलूस निकाल सभी से अपील करते हैं कि वे इस लड़ाई में हमारा सहयोग करें। हम देश को जोड़ने में विश्वास करते हैं, न कि तोड़ने में। मोदी-ममता जाति-धर्म की सियासत कर लोगों को विभाजित कर रहे हैं। जिसके खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है। इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने कहा कि इस जुलूस के जरिए हम लोगों में देश प्रेम की भावना जागृत करने को सड़क पर उतरे, ताकि सभी एकजुट हो राज्य की ममता सरकार और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जारी हमारी लड़ाई में सहयोग करें। हम किसी को देश व राज्य को जाति-धर्म के आधार पर बांटने नहीं देंगे।