Move to Jagran APP

About Hathras Case : बंगाल के गैर भाजपा दलों के नेताओं की उप्र विधायक की दुष्कर्म संबंधी टिप्पणी पर निन्दा

About Hathras Case बंगाल के राजनीतिक दलों ने भाजपा विधायक की टिप्पणी की निन्दा की है। तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने भाजपा विधायक को ‘‘विकृत व्यक्ति’’ करार दिया। भाजपा नेता ने कहा था- माता-पिता अपनी बेटियों को सही संस्कार देंगे तो दुष्कर्म की घटनाएं कम होंगी।

By Vijay KumarEdited By: Published: Mon, 05 Oct 2020 06:11 PM (IST)Updated: Mon, 05 Oct 2020 06:11 PM (IST)
गैर भाजपा दलों के नेताओं ने पूछा कि भगवा दल अपने विधायक की टिप्पणी पर चुप क्यों है।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल के विभिन्न राजनीतिक दलों ने उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह की उस टिप्पणी की निन्दा की है जिसमें उन्होंने कहा था कि दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने के लिए लड़कियों को ‘संस्कार’ दिए जाने चाहिए। गैर भाजपा दलों के नेताओं ने पूछा कि भगवा दल अपने विधायक की टिप्पणी पर चुप क्यों है। 

loksabha election banner

सही संस्कार देंगे तो दुष्कर्म की घटनाएं कम होंगी

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया से विधायक सुरेन्द्र सिंह से शनिवार को हाथरस की घटना के बारे में पूछे जाने पर कहा था कि अगर माता-पिता अपनी बेटियों को सही संस्कार देंगे तो दुष्कर्म की घटनाएं कम होंगी। उन्होंने कहा था कि सरकार भले ही दुष्कर्म की घटनाओं के खिलाफ तलवार लिए खड़ी हो लेकिन फिर भी उन्हें रोका नहीं जा सकता। 

भगवा दल के ये लोग जब अपना मु्ंह खोलते हैं तो... 

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने सिंह को ‘‘विकृत व्यक्ति’’ करार दिया। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘क्या भाजपा इस बीमार विकृत व्यक्ति पर अपना मौन व्रत तोड़ने जा रही है, जो उसके टिकट पर चुना गया है।’’ मोइत्रा ने अपने ट्वीट के साथ रविवार को सिंह की टिप्पणी की वीडियो क्लिप साझा की और कहा, ‘‘भगवा दल के ये लोग जब भी अपना मुंह खोलते हैं, भारत को अंधकार के युग में ले जाते हैं।’’ 

मध्यकाल के विचारों से प्रभावित हैं ये नेता : चटर्जी 

उनके पार्टी सहयोगी एवं राज्य के वरिष्ठ मंत्री पार्थ चटर्जी ने कहा, ‘‘यह वही है, जिसकी सिंह जैसे भाजपा विधायकों से उम्मीद की जाती है, जिनके मन में महिलाओं के लिए कोई सम्मान नहीं है, जो सही ढंग से पढ़े-लिखे नहीं हैं और जो मध्यकाल के विचारों से प्रभावित हैं। फिर भी भाजपा ऐेसे लोगों को चुनाव मैदान में उतारती है, जिससे भगवा दल का सच्चा रंग दिखता है।’’ 

टिप्पणी दुष्कर्मियों का हौसला बढ़ाने का काम करेगी

वहीं, माकपा विधायक दल के नेता सुजान चक्रवर्ती ने भी बयान की निन्दा की और आरोप लगाया कि सिंह जैसे लोगों तथा हिन्दूवादी ताकतों के लिए महिलाएं ‘‘दोयम दर्जे की नागरिक’’ हैं। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि भाजपा विधायक की इस तरह की टिप्पणी दुष्कर्मियों का हौसला बढ़ाने का काम करेगी। चौधरी ने कहा, ‘‘क्या वह (सिंह) उनके (दुष्कर्म के आरोपियों के) कृत्य को उचित ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।’’ 

विधायक की टिप्पणी का समर्थन नहीं करती : बसु

वहीं, भाजपा शासित राज्यों में दलितों पर लगातार अत्याचार का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि भगवा दल की विचारधारा जातिवाद से प्रेरित है। प्रदेश भाजपा के नेता सायंतन बसु ने हालांकि कहा कि पार्टी बलिया के विधायक की टिप्पणी का समर्थन नहीं करती है।

बसु ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि हाथरस की घटना के दोषियों को जल्द सजा मिलेगी। लेकिन पार्क स्ट्रीट (दुष्कर्म) घटना पर मुख्यमंत्री (बनर्जी) के बारे में क्या? उन्होंने इसे मामूली घटना करार दिया था।’’


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.