Mohan Bhagwat in Kolkata: संघ की मजबूती व बंगाल की रणनीति तय करने मोहन भागवत आयेंगे कोलकाता
Mohan Bhagwat in Kolkata लोकसभा चुनाव में राज्य में भाजपा को मिली सफलता के बाद पहली बार कोलकाता आ रहे संघ प्रमुख गुरुवार को पूरे दिन यहां रहेंगे व शाम को वह नागपुर लौट जाएंगे।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत गुरुवार को कोलकाता आएंगे, जहां नवनियुक्त दक्षिण बंगाल के प्रांत प्रचारक जलधर महतो समेत अन्य प्रचारकों संग बैठक कर संघ की मजबूती व प्रचार-प्रसार पर उनसे चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि हाल में दक्षिण बंगाल के प्रांत प्रमुख विद्युत मुखर्जी की जगह जलधर महतो को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उत्तर बंगाल के प्रांत प्रमुख रहे महतो गुरुवार को अपना दायित्व भी ग्रहण करेंगे।
आरएसएस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि संघ प्रमुख एयरपोर्ट से वे सीधे संघ के प्रदेश मुख्यालय केशव भवन जाएंगे। केशव भवन में संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। वहीं बताया गया कि भागवत के राज्य के कुछ बुद्धिजीवियों के साथ भी बैठक करेंगे।
बीते लोकसभा चुनाव में राज्य में भाजपा को मिली सफलता के बाद पहली बार कोलकाता आ रहे संघ प्रमुख गुरुवार को पूरे दिन यहां रहेंगे व शाम को वह नागपुर लौट जाएंगे। लेकिन इस दौरे के दौरान राज्य में संघ को मजबूत करने सहित अन्य कई मुद्दों पर वे प्रचारकों संग चर्चा करेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश भाजपा की मौजूदा स्थिति को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
इस बैठक में पश्चिम बंगाल और केरल के साथ सभी पूर्वोत्तर राज्य जिनमें अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मेघालय और मिजोरम में संघ अपने कार्यक्रम बढ़ाने, बच्चों की शिक्षा के लिए स्कूल खोलने और आदिवासी क्षेत्रों में एकल विद्यालयों की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। श्री भागवत इन मुद्दों पर संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और भविष्य की रणनीति तय करेंगे।
सूत्रों का कहना है कि प्रदेश भाजपा की स्थिति को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। हाल में भाजपा में अन्य पार्टियों को शामिल किये जाने को लेकर संघ ने आपत्ति जतायी थी। उसके बाद भाजपा में अन्य पार्टियों के लोगों के शामिल होने पर लगाम लगी है। बैठक में भाजपा संगठन में परिवर्तन को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप