विसर्जन के बाद गंगा घाटों की सफाई में जुटा निगम
दुर्गा पूजा के समापन के साथ ही विभिन्न प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद कोलकाता नगर निगम गंगा घाटों की सफाई में जुट गया है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दुर्गा पूजा के समापन के साथ ही विभिन्न प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद कोलकाता नगर निगम गंगा घाटों की सफाई में जुट गया है। शनिवार सुबह से ही बाबूघाट, बाग बाजार, केवड़ातल्ला घाट, काशीपुर घाट समेत महानगर के सभी गंगा घाटों पर सफाई अभियान की शुरुआत कोलकाता नगर निगम की ओर से की गई। शुक्रवार रात कोलकाता के रेड रोड पर दुर्गा प्रतिमाओं का कार्निवल निकाला गया था। देर रात तक बाबूघाट पर इन प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। कुछ प्रतिमाओं का विसर्जन बागबाजार घाट पर भी किया गया था। विशेष तौर पर इन दोनों घाटों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए गंगा नदी में क्रेन उतारा गया है, जिससे प्रतिमाओं की संरचनाओं को निकाला जा रहा है। इसके अलावा फूल, कपड़ा, प्लास्टिक, जिनका विसर्जन प्रतिमाओं के साथ किया गया है, उन्हें भी निकाला जा रहा है। निगम की ओर से बताया गया कि 24 घंटों में सभी घाटों की सफाई का लक्ष्य रखा गया है।